फॉण्ट कनवर्टर NEW

उत्पाद विभाग ने कहा—अवैध शराब कारोबार पर नियंत्रण के लिए अभियान आगे भी रहेगा जारी

चैनपुर (गुमला)। उपायुक्त गुमला के निर्देश पर अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग की टीम ने बुधवार को चैनपुर बाजार स्थित दो होटलों में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान टीम ने अवैध विदेशी शराब, बीयर और महुआ

अपनी भाषा में पढ़ें

चैनपुर (गुमला)। उपायुक्त गुमला के निर्देश पर अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग की टीम ने बुधवार को चैनपुर बाजार स्थित दो होटलों में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान टीम ने अवैध विदेशी शराब, बीयर और महुआ चुलाई शराब बरामद की। दोनों होटलों से कुल 50 लीटर से अधिक शराब की बरामदगी हुई है।

उत्पाद चलिष्णु दल और पुलिस बल के सहयोग से चैनपुर थाना क्षेत्र के अनुराग होटल एवं अजय होटल में तलाशी अभियान चलाया गया। जांच के दौरान टीम को 18.685 लीटर अवैध विदेशी शराब, 9.350 लीटर बीयर और 22 लीटर महुआ चुलाई शराब मिली। बरामद शराब को जब्त करते हुए विभागीय प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की गई।

छापेमारी टीम में उत्पाद चलिष्णु दल के प्रभारी अवर निरीक्षक विकास कुमार निराला, प्रतिनियुक्त अधिकारी नवल शर्मा तथा सशस्त्र गृहरक्षक बल के जवान शामिल थे। टीम ने होटलों में शराब के अवैध कारोबार से जुड़े मामलों की जांच भी की।

बरामदगी के बाद होटल संचालकों के खिलाफ विधिवत कार्रवाई की गई। विभाग के अनुसार उत्पाद संधान शुल्क जमा कराया गया और संबंधित संचालकों से बंधपत्र भरवाकर उन्हें छोड़ दिया गया।

सदर अंचल गुमला के उत्पाद अवर निरीक्षक कुमार महेंद्र देवगम ने बताया कि राजस्व हित के साथ-साथ अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण लगाने के उद्देश्य से इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और भंडारण के खिलाफ विभाग की निगरानी आगे भी जारी रहेगी।

चैनपुर बाजार के दो होटलों में हुई इस कार्रवाई के बाद अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति देखी गई। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार की सूचना मिलने पर आगे भी छापेमारी और कार्रवाई की जाएगी।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram