रांची: केंद्रीय सरना समिति की एक विशेष बैठक 6 अगस्त 2026 को सरहुल शोभा यात्रा के उद्गम स्थल, सरना टोली (हतमा) में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के केंद्रीय अध्यक्ष बबलू मुंडा ने की। इस बैठक में JPSC, JSSC CGL परीक्षाओं के पेपर लीक, भ्रष्टाचार और संदिग्ध नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर गंभीर आक्रोश जताया गया।
अध्यक्ष बबलू मुंडा ने हेमंत सोरेन सरकार से इन सभी मामलों की जांच सीबीआई (CBI) से कराने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। समिति ने निर्णय लिया कि 8 अगस्त से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे अभ्यर्थियों के भोजन की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा, 10 अगस्त को छात्रों द्वारा आयोजित विधानसभा घेराव कार्यक्रम का समिति प्रत्यक्ष रूप से समर्थन करेगी।
बैठक में 9 अगस्त को राज्य सरकार द्वारा आयोजित ‘विश्व आदिवासी महोत्सव’ का बहिष्कार करने का निर्णय लिया गया। समिति ने आरोप लगाया कि नगड़ी में रिम्स-2 के नाम पर आदिवासियों की सैकड़ों एकड़ उपजाऊ कृषि भूमि का अधिग्रहण कर उन्हें बेघर किया जा रहा है और उनकी अस्मिता को कुचला जा रहा है। इसके विरोध में विभिन्न संगठनों के साथ महाजनसभा में शामिल होकर विरोध जताया जाएगा।
बैठक में मुख्य पाहन जगलाल पाहन, अशोक मुंडा, महादेव टोप्पो, शोभा कच्छप, जगन्नाथ तिर्की, संदीप उरांव, आशीष मुंडा, अनीता गाड़ी, प्रदीप लकड़ा, उदय उरांव और मनीष बेदिया मुख्य रूप से उपस्थित थे।




