रांची: दुर्गापूजा के दौरान झारखंड में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सरकार ने तैयारी शुरू कर दी है। गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवा मुख्यालय ने राज्य के अलग-अलग जिलों में 6,750 गृह रक्षकों की तैनाती का प्रस्ताव तैयार किया है।
मुख्यालय ने गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग को प्रस्ताव भेजकर गृह रक्षकों को 14 से 23 अक्टूबर 2026 तक 10 दिनों के लिए ड्यूटी पर तैनात करने की अनुमति मांगी है। स्वीकृति मिलने के बाद सभी जिलों में निर्धारित संख्या में गृह रक्षकों की तैनाती की जाएगी।
रांची में 600 गृह रक्षक होंगे तैनात
प्रस्ताव के अनुसार रांची में 600, हजारीबाग में 500, जमशेदपुर में 500, गिरिडीह में 400, धनबाद में 400 और गुमला में 300 गृह रक्षकों की तैनाती की जाएगी।
इसके अलावा खूंटी में 150, लोहरदगा में 250, सिमडेगा में 250, रामगढ़ में 200, कोडरमा में 200, चतरा में 300, बोकारो में 300, पलामू में 250, गढ़वा में 300 और लातेहार में 300 गृह रक्षक लगाए जाएंगे।
देवघर में 100, चाईबासा में 300, सरायकेला में 300, दुमका में 250, साहेबगंज में 200, पाकुड़ में 200, गोड्डा में 100 और जामताड़ा में 100 गृह रक्षकों की तैनाती का प्रस्ताव है।
गृह रक्षकों को तैयार रखने का निर्देश
गृह रक्षा वाहिनी मुख्यालय ने सभी जिला समादेष्टाओं को गृह रक्षकों को तैयार रखने का निर्देश दिया है। विभाग से मंजूरी मिलने के बाद संबंधित जिलों के एसएसपी और एसपी को निर्धारित संख्या में गृह रक्षक उपलब्ध कराए जाएंगे। दुर्गापूजा के दौरान इनकी तैनाती सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए की जाएगी।



