New Delhi: भारी बारिश और बाढ़ के कारण देश के कई राज्यों में हालात लगातार गंभीर बने हुए हैं। झारखंड और उत्तर प्रदेश में मंगलवार को बारिश और आकाशीय बिजली से जुड़े हादसों में 17 लोगों की मौत हो गई। वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भूस्खलन के कारण 300 से अधिक सड़कें बंद हैं। केरल में भी लगातार चौथे दिन बारिश का असर जारी है, जहां 1 अगस्त से अब तक 25 लोगों की जान जा चुकी है और चार लोग लापता बताए गए हैं।
Read more: बारिश ने मचाई तबाही, पुल टूटा, हाईवे बंद, बिजली गिरने से 10 लोगों की मौ’त
झारखंड और यूपी में बारिश से 17 लोगों की मौत
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार झारखंड में सबसे अधिक नुकसान आकाशीय बिजली गिरने से हुआ। गिरिडीह, दुमका और लातेहार जिलों में कुल 14 लोगों की मौत हुई, जबकि आठ लोग घायल हुए हैं। इनमें गिरिडीह में नौ, दुमका में तीन और लातेहार में दो लोगों की जान गई। वहीं उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में दो बच्चों की गड्ढे में डूबने से और एक युवक की बिजली गिरने से मौत हो गई।
केरल में बाढ़ के हालात गंभीर
केरल में लगातार बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। राज्य सरकार के अनुसार 18 हजार से अधिक लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया गया है। पथनमथिट्टा, कोट्टायम और अलप्पुझा जिले सबसे अधिक प्रभावित हैं, जहां नदियां उफान पर हैं और कई निचले इलाके जलमग्न हो गए हैं।
Read more: केरल-कर्नाटक में बारिश का कहर: लैंडस्लाइड से 9 की मौत, 6 लापता
गंगा खतरे के निशान से ऊपर
उत्तर प्रदेश में बिजनौर और फर्रुखाबाद में गंगा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। 40 से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में हैं। कई स्थानों पर पानी राजमार्गों तक पहुंच गया है। शामली में तेज बहाव में एक कार बह गई, जबकि अंडरपास में फंसी एक स्कूल बस को ट्रैक्टर की मदद से सुरक्षित निकाला गया। मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी 75 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है।
हिमाचल और उत्तराखंड में भूस्खलन
लगातार बारिश के चलते हिमाचल प्रदेश में 160 से अधिक सड़कें, 190 बिजली ट्रांसफॉर्मर और 58 पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं। चंडीगढ़-मनाली फोरलेन पर भूस्खलन के कारण करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। वहीं उत्तराखंड में 100 से अधिक सड़कें बंद हैं। देहरादून और बागेश्वर में कक्षा 12 तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।
Read more: रांची समेत कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट, जानें अगले 5 दिनों का हाल
कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने पंजाब और चंडीगढ़ में 6 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटों में पटियाला में सबसे अधिक 143 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। विभाग के अनुसार 7 अगस्त से बारिश की तीव्रता में कुछ कमी आने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।





