Dubai, (UAE): यमन में हूती विद्रोहियों के खिलाफ सऊदी अरब बड़े सैन्य अभियान की तैयारी कर रहा है। रिपोर्टों के मुताबिक, इस कार्रवाई में एक लाख से ज्यादा यमनी सैनिकों को जमीन पर उतारा जा सकता है, जबकि सऊदी अरब हवाई हमलों के जरिए समर्थन देगा। इसी बीच सऊदी अरब में 30 से 40 हजार पाकिस्तानी सैनिकों की तैनाती की बात भी सामने आई है। इन सैनिकों को सऊदी की रक्षा के लिए तैनात बताया जा रहा है।
हूतियों के खिलाफ सऊदी का प्लान
सऊदी अरब हूतियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए दो विकल्पों पर विचार कर रहा है। पहला विकल्प बाब-अल-मंदेब के आसपास के तटीय इलाकों को हूतियों के नियंत्रण से वापस लेना है। दूसरा विकल्प यमन के कई मोर्चों पर एक साथ हमला करना है। इनमें अल-बायदा, मारिब, ताइज और अल-जौफ जैसे इलाके शामिल हो सकते हैं।
जमीन पर कार्रवाई सऊदी समर्थित यमनी बलों के जरिए कराने की तैयारी है, जबकि सऊदी सेना हवाई हमलों से उन्हें समर्थन दे सकती है। हालांकि, ऑपरेशन कब शुरू होगा, इसे लेकर अभी कोई निश्चित समय सामने नहीं आया है। कुछ सूत्र एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई की संभावना जता रहे हैं, जबकि कुछ का मानना है कि यह नवंबर में होने वाले अमेरिकी चुनाव के बाद शुरू हो सकती है।
अमेरिका भी कर रहा मदद
रिपोर्टों के मुताबिक अमेरिका भी सऊदी अरब को खुफिया जानकारी और संभावित लक्ष्यों से जुड़ी सूचनाएं उपलब्ध करा रहा है। इससे पहले सऊदी और कतर के तेल बुनियादी ढांचे की सुरक्षा के लिए अमेरिकी पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम तैनात किए जाने की खबर सामने आई थी।
हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान की हूतियों के खिलाफ सीधे अमेरिकी सैन्य समर्थन और हवाई हमलों की मांग को पहले ठुकरा दिया था।
बाब-अल-मंदेब पर क्यों टिकी नजर?
इस पूरे घटनाक्रम में बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य सबसे अहम है। लाल सागर के दक्षिणी प्रवेश मार्ग के तौर पर यह यूरोप और एशिया के बीच समुद्री व्यापार के लिए महत्वपूर्ण रास्ता है। ईरान से जुड़े संघर्ष के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य में पहले से तनाव है। ऐसे में बाब-अल-मंदेब में भी आवाजाही प्रभावित होने पर वैश्विक समुद्री व्यापार पर दबाव और बढ़ सकता है।
सऊदी की प्रस्तावित कार्रवाई की टाइमिंग और उसका दायरा अभी स्पष्ट नहीं है। फिलहाल रिपोर्टों में एक लाख से ज्यादा यमनी सैनिकों की संभावित लामबंदी और सऊदी हवाई समर्थन की बात कही जा रही है।




