Washington, (United States): अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अगर वह राष्ट्रपति नहीं होते तो सऊदी अरब और इजरायल का अस्तित्व मिट चुका होता। ट्रंप ने सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान यानी एमबीएस के साथ अपने रिश्तों को भी ‘बहुत अच्छा’ बताया। वहीं, ईरान ने ट्रंप के युद्ध में जीत के दावों को खारिज करते हुए उन पर तीखा पलटवार किया है।
ट्रंप बोले- सऊदी की सुरक्षा हम करते हैं
एक मैगजीन को दिए इंटरव्यू में ट्रंप से एमबीएस के साथ उनके रिश्तों को लेकर सवाल किया गया। यह सवाल उन खबरों के बाद आया, जिनमें दावा किया गया था कि ट्रंप ने हूती विद्रोहियों के खिलाफ सीधे अमेरिकी सैन्य कार्रवाई की सऊदी मांग को ठुकरा दिया था।
इस पर ट्रंप ने कहा कि उन्होंने सऊदी अरब के लिए बहुत कुछ किया है और वह उसकी सुरक्षा करते हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि अगर वह राष्ट्रपति नहीं होते तो सऊदी अरब और इजरायल नष्ट हो चुके होते।
ईरान ने ट्रंप के दावे पर किया पलटवार
ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव मोहसिन रेजाई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्रंप के बयान पर निशाना साधा। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति के युद्ध में जीत के दावों को खारिज करते हुए कहा कि कोई व्यक्ति अपनी कल्पना में हर दिन जीत सकता है, लेकिन असली स्थिति ईरान के लोगों, सैनिकों और मिसाइलों से तय होगी।
रेजाई ने ट्रंप को अमेरिका के इतिहास का ‘सबसे खराब राष्ट्रपति’ भी बताया। उनका बयान ट्रंप के उन दावों के बाद आया है, जिनमें वह लगातार कह रहे हैं कि अमेरिका ने युद्ध में अपने लक्ष्य हासिल कर लिए हैं या जीत के करीब है।
ईरानी सेना ने भी किया नई क्षमता का दावा
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड्स कॉर्प्स के डिप्टी कमांडर मेजर जनरल मोस्तफा इजादी ने भी ईरानी सेना की क्षमताओं को लेकर दावा किया है। उनके मुताबिक ईरान ने जमीन पर लड़ाई, विमानन, एयर डिफेंस और नौसैनिक अभियानों में नई तकनीकी क्षमताएं विकसित की हैं।
उन्होंने कहा कि ईरानी सेना कुछ नई तकनीकों का इस्तेमाल युद्ध के मैदान में कर चुकी है, जबकि कुछ का इस्तेमाल भविष्य में किया जाएगा। इजादी ने इसे ईरान का ‘सरप्राइज’ बताया है।
उधर, अमेरिका में तीसरी बार महाभियोग की संभावना को लेकर पूछे गए सवाल पर ट्रंप ने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह अब महाभियोग का सामना करने में माहिर होते जा रहे हैं।




