New Delhi: देश के कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। उत्तराखंड में भूस्खलन, छत्तीसगढ़ में पुल टूटने, उत्तर प्रदेश में नदियों के उफान और बिहार-झारखंड में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं से हालात गंभीर बने हुए हैं। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
Read more: केरल-कर्नाटक में बारिश का कहर: लैंडस्लाइड से 9 की मौत, 6 लापता
उत्तराखंड में भूस्खलन से हाईवे बंद
लगातार बारिश के कारण उत्तरकाशी जिले में यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग कई स्थानों पर भूस्खलन की चपेट में आकर बंद हो गया है। इससे चारधाम यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं रुद्रप्रयाग में भी पहाड़ियों से मलबा गिरने का खतरा बढ़ने के बाद प्रशासन संवेदनशील इलाकों पर नजर बनाए हुए है।
छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश में बिगड़े हालात
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, छत्तीसगढ़ में बिलासपुर-रतनपुर-पेंड्रा मार्ग पर लगातार बारिश के कारण एक पुल बीच से टूट गया। घटना के समय पुल से गुजर रही एक यात्री बस बीच में फंस गई, लेकिन सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
वहीं उत्तर प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। लखनऊ, कानपुर, वाराणसी और मिर्जापुर सहित कई शहरों में तेज बारिश हुई है। गंगा, घाघरा और शारदा समेत 10 नदियां उफान पर हैं। बिजनौर में गंगा का पानी छह गांवों में घुस गया है, जबकि बहसूमा-ठाकुरद्वारा स्टेट हाईवे पर पांच दिनों से पानी बहने के कारण यातायात बंद है। मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिनमें 18 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
बिहार-झारखंड में बिजली गिरने से 10 मौतें
रविवार को बिहार के बांका और झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में 10 लोगों की मौत हो गई। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की है।
Read more: झारखंड में तेज बारिश के साथ आंधी-बिजली का जारी किया अलर्ट
राजस्थान में भी जलभराव
राजस्थान के कई जिलों में बारिश के कारण जलभराव की स्थिति बनी हुई है। बाड़मेर के बिशाला-सोनड़ी मार्ग पर चार से पांच फीट पानी भर जाने से एक ट्रक और दो बाइक सवार फंस गए, जिन्हें ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाला। जयपुर, अजमेर, दौसा और करौली सहित कई जिलों में भी बारिश का असर देखा गया। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले एक सप्ताह तक मानसून अपेक्षाकृत कमजोर रह सकता है, हालांकि कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है।




