Chaibasa news: पश्चिमी सिंहभूम जिले के जैंतगढ़ थाना क्षेत्र के सिजुकला गांव के एक परिवार पर बुधवार रात दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पेट दर्द से पीड़ित परिजन को इलाज के लिए ओडिशा के चंपुआ अस्पताल ले जा रही थार कार राष्ट्रीय राजमार्ग-20 पर भीषण दुर्घटना का शिकार हो गई। तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक आम के पेड़ से टकरा गया। हादसा इतना भयावह था कि एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, सिजुकला गांव निवासी त्रिलोचन आपाट को बुधवार रात अचानक पेट में तेज दर्द की शिकायत हुई। उनकी हालत बिगड़ने पर बेटे रंजीत आपाट, पत्नी कोईफुलो आपाट और चाचा भास्कर आपाट उन्हें कार से ओडिशा के चंपुआ अस्पताल लेकर जा रहे थे। रात करीब 10 बजे जब वाहन चंपुआ थाना क्षेत्र के रजिया के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-20 से गुजर रहा था, तभी चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार तेज गति से सड़क किनारे खड़े आम के पेड़ से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे तथा घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए क्योंझर जिला अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन अस्पताल ले जाते समय त्रिलोचन आपाट और उनकी पत्नी कोईफुलो आपाट ने रास्ते में दम तोड़ दिया। इससे पहले हादसे के तुरंत बाद ही भास्कर आपाट की मौत हो चुकी थी। वहीं रंजीत आपाट का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-20 पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर आवागमन सामान्य कराया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से जैंतगढ़ क्षेत्र में शोक का माहौल है। गांव में मातम पसरा हुआ है



