हजारीबाग : जिले के दारू थाना क्षेत्र की हरली पंचायत स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जंगली हाथी घुस गया। हाथी ने स्वास्थ्य केंद्र परिसर में काफी देर तक उत्पात मचाया और कई सामान को नुकसान पहुंचाया। हाथी के अचानक पहुंचने से स्वास्थ्यकर्मियों और आसपास के ग्रामीणों में डर का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, हाथी ने स्वास्थ्य केंद्र के दरवाजे और खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए। इसके अलावा पानी की टंकी, बेड और अन्य सामान भी क्षतिग्रस्त हो गए। हाथी के परिसर में घूमने से वहां अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों ने स्वास्थ्य केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि परिसर में करीब 15 दिनों से हाई-मास्ट लाइट खराब है। पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण रात में हाथी के आने की जानकारी समय पर नहीं मिल पाती।
ग्रामीणों ने हाई-मास्ट लाइट को जल्द ठीक कराने और स्वास्थ्य केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। उनका कहना है कि बेहतर रोशनी होने से ऐसी घटनाओं में नुकसान को कम किया जा सकता है।
वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
वन विभाग ने लोगों से जंगली हाथी से दूरी बनाए रखने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि हाथी दिखाई देने पर उसके पास न जाएं और न ही उसे भगाने की कोशिश करें। हाथी की सूचना तुरंत वन विभाग को दें, ताकि समय रहते जरूरी कार्रवाई की जा सके।
Read more : महिला पत्रकारों के आरोपों पर दिल्ली पुलिस ने शुरू की जांच, शिकायतें क्राइम ब्रांच को भेजीं



