अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
रांची: झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना’ के तहत रांची जिले में दूसरे चरण की सम्मान राशि का भुगतान सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इस चरण में जिले के ईटकी प्रखंड और बड़गाईं अंचल की महिला लाभुकों को अप्रैल से जून 2026 तक की तीन महीने की बकाया सम्मान राशि एक साथ जारी की गई है। इसके तहत प्रत्येक पात्र महिला के खाते में ₹7,500 की राशि ट्रांसफर की गई है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, ईटकी प्रखंड की 10,327 और बड़गाईं अंचल की 10,204 लाभुक महिलाओं को कुल मिलाकर 15 करोड़ 39 लाख 82 हजार 500 रुपये का भुगतान किया गया है। यह पूरी राशि आधार बेस्ड डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी गई है, जिससे पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।
इससे पहले योजना के प्रथम चरण में रांची जिला प्रशासन द्वारा बड़े स्तर पर भुगतान किया जा चुका है। पहले चरण में जिले की कुल 3 लाख 66 हजार 664 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में अप्रैल से जून 2026 तक की तीन महीने की राशि भेजी गई थी, जिसमें कुल 274 करोड़ 99 लाख 80 हजार रुपये हस्तांतरित किए गए थे।

