पटना : पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। 25 अक्टूबर से एयरपोर्ट पर उड़ानों का नया शेड्यूल लागू होगा। इसके तहत 30 नवंबर तक रोजाना 40 जोड़ी विमानों का परिचालन किया जाएगा। अभी एयरपोर्ट से प्रतिदिन 36 जोड़ी विमानों की आवाजाही होती है। नए शेड्यूल में छह नई उड़ान सेवाएं भी शामिल की गई हैं। इससे यात्रियों को हवाई यात्रा के लिए ज्यादा विकल्प मिलेंगे।
पटना से 14 शहरों के लिए मिलेगी फ्लाइट
नए शेड्यूल के अनुसार, पटना से पुणे, अहमदाबाद, बेंगलुरु, मुंबई, हैदराबाद और चंडीगढ़ के लिए उड़ान सेवाएं बढ़ाई जाएंगी। हालांकि, इस बार किसी नए शहर को हवाई सेवा से नहीं जोड़ा गया है। पहले की तरह पटना एयरपोर्ट से 14 शहरों के लिए विमान उपलब्ध रहेंगे।
दिल्ली के लिए सबसे ज्यादा 14 जोड़ी उड़ानें
पटना से दिल्ली के लिए सबसे ज्यादा 14 जोड़ी विमानों का परिचालन होगा। इसके अलावा बेंगलुरु के लिए छह जोड़ी, कोलकाता के लिए चार जोड़ी, जबकि मुंबई और हैदराबाद के लिए तीन-तीन जोड़ी उड़ानें होंगी।
पुणे के लिए दो जोड़ी विमान चलेंगे। वहीं, चंडीगढ़, अहमदाबाद, भुवनेश्वर, चेन्नई, लखनऊ, रांची, नवी मुंबई और भोपाल के लिए एक-एक उड़ान सेवा उपलब्ध रहेगी।
सुबह 8 बजे पहुंचेगी पहली फ्लाइट
नए शेड्यूल के तहत दिल्ली से इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-6245 सुबह 8 बजे पटना पहुंचेगी। इसके बाद सुबह 8:35 बजे पटना से रवाना होगी।
वहीं, बेंगलुरु से इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-6123/6258 रात 11:45 बजे पटना पहुंचेगी और रात 12:20 बजे बेंगलुरु के लिए उड़ान भरेगी।
इसके अलावा 25 अक्टूबर से स्पाइसजेट की फ्लाइट संख्या SG-0641/0647 शाम 3:40 बजे पटना पहुंचेगी और शाम 4:20 बजे पुणे के लिए रवाना होगी।
इंडिगो की सबसे ज्यादा 27 जोड़ी उड़ानें
पटना एयरपोर्ट से सबसे ज्यादा उड़ानों का परिचालन इंडिगो करेगी। नए शेड्यूल में इंडिगो की 27 जोड़ी उड़ानें शामिल हैं। इसके अलावा एयर इंडिया एक्सप्रेस की छह जोड़ी, एयर इंडिया की तीन जोड़ी और स्पाइसजेट व एलायंस एयर की दो-दो जोड़ी उड़ानें संचालित होंगी।
दिसंबर में फिर बदल सकता है फ्लाइट शेड्यूल
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, दिसंबर में मौसम को देखते हुए उड़ानों के समय और संख्या में बदलाव किया जा सकता है। मौसम की समीक्षा के बाद नया शेड्यूल तैयार होगा। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले अपनी फ्लाइट का समय संबंधित एयरलाइन से जरूर जांच लें।



