फॉण्ट कनवर्टर NEW

चारा घोटाले में CBI को बड़ी सफलता, लखनऊ से गिरफ्तार सत्येंद्र कुमार की रांची कोर्ट में होगी पेशी

चारा घोटाले से जुड़े मामले में CBI ने 25 वर्षों से फरार चल रहे आरोपी सत्येंद्र कुमार को गिरफ्तार किया है। सीबीआई की टीम ने गुरुवार देर रात लखनऊ रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उसे पकड़ा। सत्येंद्र कुमार के खिलाफ अदालत से स्थायी गिरफ्तारी वारंट

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची : चारा घोटाले से जुड़े मामले में CBI ने 25 वर्षों से फरार चल रहे आरोपी सत्येंद्र कुमार को गिरफ्तार किया है। सीबीआई की टीम ने गुरुवार देर रात लखनऊ रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उसे पकड़ा। सत्येंद्र कुमार के खिलाफ अदालत से स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी था। गिरफ्तारी के बाद सीबीआई उसे ट्रांजिट रिमांड पर रांची ला रही है। यहां उसे विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया जाएगा।

लखनऊ रेलवे स्टेशन पर सीबीआई ने पकड़ा

सीबीआई को गुप्त सूचना मिली थी कि सत्येंद्र कुमार मध्य प्रदेश के गुना से ट्रेन के जरिए लखनऊ पहुंचने वाला है। सूचना मिलते ही सीबीआई की टीम लखनऊ रेलवे स्टेशन पहुंच गई और आरोपी को पकड़ने की तैयारी शुरू कर दी।

ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही अधिकारियों ने संबंधित बोगी में उसकी पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।

दवा आपूर्ति के नाम पर करोड़ों की हेराफेरी का आरोप

सत्येंद्र कुमार पर पशुपालन विभाग में दवाओं की आपूर्ति के नाम पर सरकारी राशि की अवैध निकासी में शामिल होने का आरोप है। बताया जाता है कि उसने अपने सहयोगी दिनेश राय के साथ मिलकर दवा निर्माण कंपनी खोली थी।

दोनों ने रांची के बीआईटी मेसरा से बी-फार्मा की पढ़ाई की थी। जांच के अनुसार, उनकी कंपनी के माध्यम से पशुपालन विभाग को 10 करोड़ रुपये से अधिक की दवाओं की आपूर्ति दिखाकर सरकारी राशि का गबन करने का आरोप है।

गिरफ्तारी से बचने के लिए छोड़ दिया था पटना का घर

सीबीआई ने वर्ष 2001 में सत्येंद्र कुमार के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। इसके बाद से वह फरार चल रहा था। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने पटना स्थित अपना घर भी छोड़ दिया था।

जांच एजेंसी को उसके नेपाल में रहने और वहां दवा कंपनी शुरू करने की जानकारी भी मिली थी। अदालत से स्थायी गैर-जमानती वारंट जारी होने के बाद से सीबीआई उसकी तलाश कर रही थी।

इस मामले में सत्येंद्र के सहयोगी दिनेश राय को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अदालत उसे सजा भी सुना चुकी है।

चारा घोटाले में कई लोगों को हो चुकी है सजा

चारा घोटाला एकीकृत बिहार के पशुपालन विभाग से जुड़ा है। इसमें सरकारी खजाने से फर्जी तरीके से करोड़ों रुपये निकालने के मामले सामने आए थे। वर्ष 1996 में सीबीआई ने इसकी जांच शुरू की थी।

घोटाले से जुड़े अलग-अलग मामलों में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव समेत कई नेताओं, अधिकारियों और आपूर्तिकर्ताओं को सजा हो चुकी है। अब लंबे समय से फरार सत्येंद्र कुमार की गिरफ्तारी के बाद उसे रांची की विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया जाएगा।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram