अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के कराईकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत नकटी डैम में सोमवार की शाम एक दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय किशोर की जान चली गई। पिकनिक से लौटते समय खराब और ऊबड़-खाबड़ रास्ते पर डीजे गाड़ी के पलट जाने से किशोर उसके नीचे दब गया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस घटना से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार चक्रधरपुर शहर के वार्ड संख्या 5, दंदासाई से युवकों का एक समूह सोमवार को पिकनिक मनाने नकटी डैम गया था। शाम के समय सभी लोग डैम से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान खराब सड़क और संतुलन बिगड़ने के कारण डीजे से लदी गाड़ी अचानक पलट गई। गाड़ी में बैठे स्वर्गीय दिलीप सिंह के 16 वर्षीय पुत्र श्रवण सिंह उर्फ लाला उसके नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पिकनिक ग्रुप में शामिल अन्य युवकों ने किसी तरह गाड़ी के नीचे दबे किशोर को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसे गंभीर चोटें आ चुकी थीं। सूचना मिलने पर कराईकेला थाना पुलिस तुरंत नकटी डैम पहुंची और घायल किशोर को अपने वाहन से चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल ले गई। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही दंदासाई इलाके में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जाता है कि मृतक श्रवण सिंह के पिता दिलीप सिंह का करीब पांच वर्ष पहले ट्रेन से कटकर निधन हो गया था। अब इस हादसे ने परिवार को एक बार फिर गहरे सदमे में डाल दिया है।
पुलिस ने शव को चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल के शीतगृह में सुरक्षित रखवा दिया था। मंगलवार की सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया गया। कराईकेला थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now

