रांची : रांची के मोरहाबादी इलाके में सड़क किनारे दुकान लगाने वाले लोगों को जल्द ही व्यवस्थित जगह मिलेगी। रांची नगर निगम यहां आधुनिक वेंडिंग जोन का निर्माण करा रहा है। शुक्रवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने रजिस्ट्री ऑफिस के पास बन रहे वेंडिंग जोन का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताई और अधिकारियों को जल्द काम पूरा करने का निर्देश दिया।
करीब एक एकड़ जमीन पर बन रहे इस वेंडिंग जोन पर 3 करोड़ 26 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। यहां एक मंजिला शेड के नीचे लगभग 205 स्ट्रीट वेंडर्स के लिए दुकान लगाने की व्यवस्था होगी।
दुकानदारों और ग्राहकों को मिलेंगी जरूरी सुविधाएं
वेंडिंग जोन में दुकानदारों और खरीदारी करने आने वाले लोगों की सुविधाओं का ध्यान रखा जा रहा है। यहां पीने का पानी, शौचालय, बिजली, पाथवे और पानी की निकासी के लिए नाली बनाई जाएगी।
इसके अलावा रेन वाटर हार्वेस्टिंग, गार्ड रूम और परिसर को सुंदर बनाने के लिए लैंडस्केपिंग का काम भी किया जाएगा। इससे दुकानदारों को बेहतर माहौल में कारोबार करने की सुविधा मिलेगी।
निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार पर नाराज हुए नगर आयुक्त
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। काम की रफ्तार धीमी मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और अभियंताओं को फटकार लगाई।
उन्होंने अगले सात दिनों में बाउंड्री वॉल का काम पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही पेवर ब्लॉक, नाली, पाथवे और कलवर्ट का निर्माण सही तरीके से करने को कहा।
नगर आयुक्त ने वेंडिंग जोन में लोगों के आने-जाने के लिए अलग से उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि काम में देरी होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
शहर की व्यवस्था सुधारने में मिलेगी मदद
नगर आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि वेंडिंग जोन को इस तरह विकसित किया जाए कि यह साफ-सुथरा और आकर्षक दिखे। दुकानदारों और ग्राहकों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
नगर निगम का मानना है कि वेंडिंग जोन बनने से सड़क किनारे दुकान लगाने वाले लोगों को व्यवस्थित जगह मिलेगी। इससे मोरहाबादी इलाके में यातायात और साफ-सफाई की व्यवस्था भी बेहतर होगी।
निरीक्षण के दौरान उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार, कार्यपालक अभियंता संजीव कुमार और अन्य अधिकारी मौजूद थे।



