पलामू : झारखंड के पलामू जिले के मनातू थाना क्षेत्र में शनिवार को एक नाबालिग छात्रा मोबाइल टावर पर चढ़ गई। इंटर में पढ़ने वाली छात्रा अपने प्रेमी को मौके पर बुलाने और उससे शादी कराने की मांग कर रही थी। उसने मांग पूरी नहीं होने पर टावर से कूदने की धमकी भी दी। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मौके पर जुटी ग्रामीणों की भीड़
छात्रा के मोबाइल टावर पर चढ़ने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने छात्रा को समझाने और सुरक्षित नीचे उतरने की अपील की, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही।
इसके बाद स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना मनातू थाना पुलिस को दी।
पुलिस ने प्रेमी को मौके पर बुलाया
सूचना मिलने पर मनातू थाना प्रभारी विक्की कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने छात्रा को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए बातचीत शुरू की।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने छात्रा के प्रेमी का पता लगाया और उसे मौके पर बुलाया। प्रेमी के पहुंचने के बाद छात्रा शांत हुई और मोबाइल टावर से सुरक्षित नीचे उतर आई।
छात्रा के सुरक्षित उतरने पर लोगों ने ली राहत की सांस
छात्रा के नीचे उतरने के बाद पुलिस और मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस की समझदारी और बातचीत से एक बड़ा हादसा टल गया।



