अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Chatra News: झारखंड स्वास्थ्य विभाग के मिशन डायरेक्टर शशि प्रकाश झा गुरुवार देर शाम चतरा सदर अस्पताल पहुंचे और वहां स्वास्थ्य सेवाओं तथा दवा आपूर्ति व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की।
उन्होंने अस्पताल प्रबंधक प्रियरंजन नीरज से पिछले तीन माह के दवा आपूर्ति ऑर्डर, स्टॉक विवरण और खर्च से संबंधित सभी रिकॉर्ड प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। मिशन डायरेक्टर ने अस्पताल के स्टोर में मौजूद दवाओं की गुणवत्ता और रखरखाव पर भी सवाल उठाए तथा कहा कि एक्सपायर होने वाली दवाओं के निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जाए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सहिया हेल्प डेस्क, डेंटल विभाग, आयुष्मान सेंटर, ममता वाहन कॉल सेंटर, ओपीडी, दवा भंडार, आईसीयू और इमरजेंसी वार्ड का भी दौरा किया। उन्होंने इन विभागों में बेहतर प्रबंधन और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।
मिशन डायरेक्टर ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में गुणवत्तापूर्ण सेवा देना सबसे बड़ी प्राथमिकता है, जिसमें पारदर्शिता और जवाबदेही का पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. जगदीश प्रसाद, डीएस डॉ. पंकज कुमार सहित अन्य अधिकारी और लेखा कर्मचारी मौजूद रहे।

