रांची : झारखंड के छात्र-छात्राओं को अब करियर से जुड़ी जानकारी लेने के लिए कहीं जाने की जरूरत नहीं होगी। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU), रांची की ओर से टेली करियर काउंसलिंग की सुविधा शुरू की जा रही है। इसकी शुरुआत 27 अक्टूबर से करने की योजना है। इस सुविधा के जरिए विद्यार्थी फोन पर ही विशेषज्ञों से बातचीत कर पढ़ाई और नौकरी से जुड़े सवालों के जवाब पा सकेंगे।
खास बात यह है कि इस सुविधा का लाभ सिर्फ DSPMU के छात्र ही नहीं, बल्कि झारखंड के सभी स्कूलों और कॉलेजों में पढ़ने वाले विद्यार्थी भी उठा सकेंगे।
हर शनिवार दोपहर 2 से 3 बजे तक होगी काउंसलिंग
विश्वविद्यालय की ओर से हर शनिवार दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक टेली करियर काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। इस दौरान विद्यार्थी फोन के माध्यम से शिक्षकों और विशेषज्ञों से सीधे संपर्क कर सकेंगे।
छात्रों को 12वीं के बाद कौन सा कोर्स चुनना चाहिए, इंजीनियरिंग और मेडिकल की तैयारी कैसे करें, जैसे सवालों पर सलाह दी जाएगी। इसके अलावा NET, बैंकिंग, रेलवे, सेना, कंप्यूटर, मैनेजमेंट और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर भी जानकारी मिलेगी।
पहले सत्र में कुलपति करेंगे छात्रों से बातचीत
विश्वविद्यालय की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, 27 अक्टूबर को पहला काउंसलिंग सत्र आयोजित करने की योजना है। इसमें कुलपति डॉ. राजीव मनोहर खुद विद्यार्थियों के सवालों का जवाब देंगे। छात्र उनसे विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रमों और उच्च शिक्षा से जुड़ी जानकारी भी ले सकेंगे।
इस कार्यक्रम की जिम्मेदारी विश्वविद्यालय के जनसंपर्क एवं सामुदायिक प्रसार विभाग को दी गई है।
ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को मिलेगी मदद
विश्वविद्यालय का कहना है कि इस सुविधा का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में रहने वाले विद्यार्थियों तक करियर संबंधी जानकारी पहुंचाना है। कई छात्रों को सही मार्गदर्शन नहीं मिलने के कारण आगे की पढ़ाई और नौकरी का चुनाव करने में परेशानी होती है।
टेली काउंसलिंग शुरू होने से ऐसे विद्यार्थियों को घर बैठे विशेषज्ञों की सलाह मिल सकेगी। हालांकि, काउंसलिंग के लिए फोन नंबर अभी जारी नहीं किया गया है। छात्रों को विश्वविद्यालय के आधिकारिक माध्यम से इसकी जानकारी लेनी होगी।




