कोडरमा : जिले के सदर थाना क्षेत्र में रांची-पटना मुख्य मार्ग पर नौवां माईल के पास दो वाहनों के खराब होने से यातायात ठप हो गया। करीब एक घंटे से हाईवे पर जाम लगा है। सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई है। जाम में बस, ट्रक, कार समेत कई वाहन फंसे हुए हैं।
अचानक लगे जाम के कारण यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है। खासकर लंबी दूरी की बसों में सफर कर रहे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में देरी हो रही है।
क्रेन की मदद से खराब वाहनों को हटाने का प्रयास
जानकारी के मुताबिक, नौवां माईल के पास मुख्य सड़क पर दो वाहन अचानक खराब हो गए। इससे सड़क पर गाड़ियों की आवाजाही रुक गई और देखते ही देखते लंबा जाम लग गया।
सूचना मिलने पर सड़क सुरक्षा के सागर गिरी और कोडरमा पीसीआर की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस जवान यातायात बहाल कराने में जुट गए हैं। सड़क पर खराब पड़े वाहनों को हटाने के लिए क्रेन की मदद ली जा रही है।
पुलिस ने वाहन चालकों से जाम खत्म होने तक वैकल्पिक मार्ग अपनाने और यातायात व्यवस्था बहाल करने में सहयोग करने की अपील की है।



