Jamshedpur News: गोलमुरी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जिसने पूरे इलाके में सनसनी मचा दी है। ट्यूलाडूंगरी निवासी चंदा सिंह नाम की महिला ने अपने पति आकाश कांत लाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। चंदा का कहना है कि उसका पति और ससुराल वाले लंबे समय से देह व्यापार के धंधे में सक्रिय हैं और उस पर भी दबाव बनाया जा रहा था कि वह इस गंदे काम में शामिल हो।
चंदा ने पुलिस को बताया कि उसने तीन साल पहले आकाश से प्रेम विवाह किया था। शुरूआत में सब कुछ सामान्य था, लेकिन कुछ ही महीनों के भीतर उसे असली सच पता चला। धीरे-धीरे उसे समझ आया कि उसका पति अवैध गतिविधियों में शामिल है। चंदा के मुताबिक हाल ही में आकाश उसे चाईबासा ले गया और वहां वेश्यावृत्ति के लिए मजबूर करने की कोशिश की। लेकिन उसने सख्ती से इनकार कर दिया और किसी तरह घर लौट आई।
यह भी पढ़ें: NH-18 पर दर्दनाक हादसा, हेलमेट पहनने के बाद भी नहीं बची बाइक सवार की जान
इसी बात से गुस्साए आकाश ने उसे कमरे में बंद कर दिया। चंदा ने आरोप लगाया कि पांच दिनों तक उसे बंधक बनाकर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। इस दौरान उसे कई बार पीटा गया और धमकियां दी गईं। लेकिन जब आकाश ने चाकू से हमला किया, तो उसकी जान मुश्किल में पड़ गई। पीड़िता के चेहरे और शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं।
किसी तरह मौका पाकर चंदा अपने मायके सोनारी पहुंची और अपने परिवार को पूरी आपबीती सुनाई। परिजनों ने उसे तुरंत खून से लथपथ हालत में एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के बाद वह शुक्रवार की देर रात अपने परिवार के साथ गोलमुरी थाना पहुंची और पति आकाश कांत लाल समेत सास-ससुर के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
चंदा का कहना है कि उसका पति पहले भी देह व्यापार के मामले में जेल जा चुका है। अब वह लगातार उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा है। उसने पुलिस और प्रशासन से अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है।
यह भी पढ़ें: रिम्स जमीन घोटाले में पूर्व जिला अवर निबंधक जांच के घेरे में, ACB ने की छापेमारी
वहीं गोलमुरी पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।
संबंधित खबरें
- Jharkhand NH-18 पर दर्दनाक हादसा, हेलमेट पहनने के बाद भी नहीं बची बाइक सवार की जान
- Jharkhand रिम्स जमीन घोटाले में पूर्व जिला अवर निबंधक जांच के घेरे में, ACB ने की छापेमारी
- Jharkhand जस्टिस एमएस सोनक के रिटायरमेंट से पहले नए चीफ जस्टिस की नियुक्ति की मांग, हेमंत सोरेन ने CJI को लिखा पत्र
- Jharkhand झारखंड विधानसभा का गौरवशाली सफर हुआ 26 साल का, आज होगा भव्य आयोजन













