फॉण्ट कनवर्टर NEW

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने लिपिकों से किया संवाद, कामचोरी पर कसा शिकंजा!

Ranchi News : रांची जिला प्रशासन की ओर से समाहरणालय के ब्लॉक-बी स्थित कक्ष संख्या 505 में एक अहम संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें रांची जिले के सभी सरकारी कार्यालयों के प्रधान लिपिक, उच्च व निम्न वर्गीय लिपिकों और कंप्यूटर ऑपरेटरों ने भाग

अपनी भाषा में पढ़ें

Ranchi News : रांची जिला प्रशासन की ओर से समाहरणालय के ब्लॉक-बी स्थित कक्ष संख्या 505 में एक अहम संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें रांची जिले के सभी सरकारी कार्यालयों के प्रधान लिपिक, उच्च व निम्न वर्गीय लिपिकों और कंप्यूटर ऑपरेटरों ने भाग लिया। इस संवाद की अध्यक्षता उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने की।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जन शिकायतों के शीघ्र समाधान और कार्य संस्कृति में सुधार सुनिश्चित करना था।

उपायुक्त ने अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि हर सरकारी कर्मचारी सरकार और जनता के बीच की एक अहम कड़ी है। उन्होंने कर्मचारियों से संवेदनशील, पारदर्शी और समयबद्ध कार्य प्रणाली अपनाने की अपील की।

सरकारी योजनाओं को लाभार्थियों तक समय पर पहुंचाना प्राथमिकता
उपायुक्त ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं में किसी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ बिना रुकावट पहुंचे, इसके लिए कर्मियों को निर्देश दिए गए।

कार्यालय अनुशासन पर विशेष जोर
श्री भजन्त्री ने कहा कि सभी कर्मियों को समय पर कार्यालय में उपस्थिति देनी होगी और निर्धारित कार्यावधि तक मौजूद रहना अनिवार्य होगा। आईडी कार्ड और नेम प्लेट पहनना अनिवार्य किया गया है। कार्यालयों की साफ-सफाई, फाइलों की व्यवस्थित व्यवस्था और डिजिटल रिकॉर्डिंग पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।

जनता के प्रति मर्यादित व्यवहार अनिवार्य
कार्यालयों में आने वाले नागरिकों से सहयोगपूर्ण और सम्मानजनक व्यवहार की अपेक्षा की गई है। किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भ्रामक जानकारी देने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

दलालों पर सख्त रोक
कार्यालय परिसरों में किसी भी प्रकार के बिचौलियों या दलालों के प्रवेश पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया है। यदि कोई कर्मी किसी अवैध कार्य में शामिल पाया गया, तो उस पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

समन्वय, संवाद और सुझावों को महत्व
प्रखंड, पंचायत और अंचल कार्यालयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने को कहा गया ताकि योजनाएं जमीनी स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंच सकें। उपायुक्त ने सभी कर्मियों से खुले संवाद में उनकी समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि उनकी जायज मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी।

साफ-सफाई और कार्य संस्कृति सुधार एक साझा ज़िम्मेदारी
कार्यस्थलों की सफाई और सौंदर्यीकरण को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए उन्होंने सभी से सहयोग की अपील की। साथ ही, तकनीकी दक्षता बढ़ाने, ई-गवर्नेंस के तहत काम करने और नियमित प्रशिक्षण के निर्देश दिए।

उपायुक्त की अपील: “रांची को मॉडल जिला बनाएं”
कार्यक्रम के अंत में उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी कर्मियों से कहा कि वे प्रशासन के विजन को साकार करने में अपनी भूमिका निभाएं। “हमारा लक्ष्य है कि रांची जिला सरकार की योजनाओं का प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन कर एक मॉडल जिला बने।”

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram