फॉण्ट कनवर्टर NEW

स्मार्ट सिटी के पास 4 तस्कर गिरफ्तार, 4000 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद

नशे के सौदागरों पर पुलिस का शिकंजा, सप्लाई चेन खंगालने में जुटी पुलिस

अपनी भाषा में पढ़ें

Ranchi: राजधानी में अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ पुलिस ने एक सफल अभियान चलाया है। धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित स्मार्ट सिटी के पास पुलिस ने छापेमारी कर अवैध ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में लिप्त एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से भागने की कोशिश कर रहे चार शातिर तस्करों को खदेड़कर धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों के पास से 4000 पुड़िया में पैक कुल 338.96 ग्राम ब्राउन शुगर, नकदी, मोबाइल फोन और गाड़ियां जब्त की गई हैं।

गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई

वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), रांची को गुप्त सूचना मिली थी कि धुर्वा थाना क्षेत्र अंतर्गत सीएनजी पेट्रोल पंप के पास स्मार्ट सिटी इलाके में सोनू तिवारी और संदीप उर्फ मामा द्वारा अवैध रूप से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। इस सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। इस दल का नेतृत्व वरीय पुलिस उपाधीक्षक (हटिया) नीरज कुमार कर रहे थे।

भागते हुए तस्करों को घेराबंदी कर पकड़ा

गठित टीम जब सीएनजी पेट्रोल पंप के समीप स्मार्ट सिटी पहुंची, तो वहां संदिग्ध अवस्था में 5-6 लड़के खड़े दिखाई दिए। पुलिस बल को देखते ही वे घबराकर इधर-उधर भागने लगे। सतर्क पुलिस जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उनका पीछा किया और घेराबंदी कर 4 युवकों को मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से मादक पदार्थों की बड़ी खेप बरामद हुई।

भारी मात्रा में सामान जब्त

  • 4000 पुड़िया में तैयार कुल 338.96 ग्राम ब्राउन शुगर
  • 4 मोबाइल फोन
  • ₹9,100 नकद
  • 2 मोटरसाइकिल और 1 स्कूटी

गिरफ्तार अभियुक्त और आपराधिक पृष्ठभूमि

  1. अभिषेक तिवारी (पिता: अरुण तिवारी) – वर्तमान पता: एकता नगर, थाना जगन्नाथपुर, रांची; स्थायी पता: ग्राम अरूआं, थाना भगवानपुर हाट, जिला सिवान (बिहार)।
  2. शुभम कुमार उर्फ राजा (पिता: स्वर्गीय सतेन्द्र तिवारी) – वर्तमान पता: एकता नगर, जगन्नाथपुर, रांची; स्थायी पता: ग्राम अरूआं, भगवानपुर हाट, सिवान (बिहार)।
  3. अंकित तिवारी (पिता: देवनाथ तिवारी) – वर्तमान पता: एकता नगर, जगन्नाथपुर, रांची; स्थायी पता: ग्राम अरूआं, भगवानपुर हाट, सिवान (बिहार)।
  4. रितिक राज (पिता: संतोष कुमार) – पता: सिठियो रोड पटेल कालोनी, थाना धुर्वा, जिला रांची।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त अंकित तिवारी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ तिलैया थाना (कांड सं. 124/21), डोरण्डा थाना (कांड सं. 122/21) और पुन्दाग ओपी (कांड सं. 300/23, आर्म्स एक्ट) में पहले से मामले दर्ज हैं।

सप्लाई चेन की जांच में जुटी पुलिस

इस संबंध में धुर्वा थाने में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की विभिन्न धाराओं—21(b), 21(c), 22(b), 22(c) और 29 के तहत प्राथमिकी (कांड सं. 271/2026) दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन-किन क्षेत्रों में खपाया जाना था, ताकि पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सके।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram