फॉण्ट कनवर्टर NEW

चतरा में SSB का 20वां स्थापना दिवस, महिलाओं को मिला हुनर

Chatra: 35वीं बटालियन सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), चतरा का 20वां स्थापना दिवस बुधवार को चतरा कॉलेज परिसर में धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में विशेष प्रचालन (गयाजी) के उप महानिरीक्षक मानवेंद्र एवं चतरा विधायक जनार्दन पासवान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल

अपनी भाषा में पढ़ें

Chatra: 35वीं बटालियन सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), चतरा का 20वां स्थापना दिवस बुधवार को चतरा कॉलेज परिसर में धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में विशेष प्रचालन (गयाजी) के उप महानिरीक्षक मानवेंद्र एवं चतरा विधायक जनार्दन पासवान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों को भव्य गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने के साथ हुआ। इसके बाद डीआईजी मानवेंद्र ने बटालियन के वीर शहीदों के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। उन्होंने अधिकारियों एवं जवानों को शहीदों के प्रेरणादायी बलिदान, त्याग और देश सेवा के गौरवमयी इतिहास से अवगत कराया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

स्थापना दिवस समारोह में चतरा एवं आसपास के विद्यालयों के विद्यार्थियों तथा देश के विभिन्न राज्यों से जुड़े एसएसबी जवानों ने भारत की बहुरंगी संस्कृति की शानदार झलक प्रस्तुत की। भांगड़ा, बिहू, बंगाली एवं तेलंगाना नृत्य की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।

वहीं, स्कूली बच्चों ने समाज को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। देशभक्ति गीतों से पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया। एसएसबी के प्रशिक्षित श्वान दस्ते (डॉग स्क्वाड) ने अनुशासन और हैरतअंगेज करतब दिखाकर खूब तालियां बटोरीं।

जरूरतमंद बच्चों के बीच साइकिल व सामग्री का वितरण
वर्ष 2026-27 के नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत मुख्य अतिथियों ने स्थानीय विद्यालयों के जरूरतमंद छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल एवं पठन-पाठन सामग्री का वितरण किया।

डीपीएस पीटीज चतरा, उत्क्रमित मध्य विद्यालय देवरिया, राज्य संपोषित बालिका विद्यालय एवं डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, चतरा के विद्यार्थियों को स्कूल बैग, ज्योमेट्री बॉक्स, पानी की बोतल, छाता, नोटबुक समेत अन्य उपयोगी सामग्री दी गई। साइकिल मिलने से विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई।

इसके अलावा फुटबॉल प्रतियोगिता के विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और खेल सामग्री देकर सम्मानित किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल
एसएसबी ने स्थापना दिवस के अवसर पर स्थानीय ग्रामीण महिलाओं एवं युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की। इसके तहत 20 दिवसीय निःशुल्क नारी सौंदर्यीकरण (ब्यूटिशियन) प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाओं एवं युवतियों को हुनर प्रदान कर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

विधायक ने जवानों के समर्पण को सराहा
अपने संबोधन में विधायक जनार्दन पासवान ने चतरा जिले में एसएसबी जवानों द्वारा पूरी ईमानदारी, समर्पण, अनुशासन, सजगता एवं निष्ठा के साथ किए जा रहे कर्तव्य निर्वहन की सराहना की। उन्होंने जवानों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे भविष्य में भी इसी जोश, साहस और सजगता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते रहें।

करीब 500 लोग रहे मौजूद
समारोह में 29वीं बटालियन एसएसबी गयाजी के कमांडेंट कुणाल, 35वीं बटालियन चतरा के कार्यवाहक कमांडेंट एवं द्वितीय कमान अधिकारी एनेन्द्र मणि सिंह, चतरा कॉलेज के प्राचार्य मुकेश कुमार झा, जिला वन पदाधिकारी राहुल मीणा, कारागार अधीक्षक मेंसन बरुआ, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी, मीडियाकर्मी एवं एसएसबी के अधिकारी-जवान समेत करीब 500 लोग शामिल हुए।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram