शामली : हरियाणवी लोकगायक अंकित बालियान हत्याकांड में सोमवार सुबह शामली पुलिस को बड़ी सफलता मिली। औद्योगिक क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें हत्याकांड में शामिल बताए जा रहे दो शार्प शूटर सुमित और मोहित मारे गए। दोनों सोनीपत के रहने वाले थे और गोगी गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं। दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। मुठभेड़ के दौरान एसओजी के मुख्य आरक्षी हरविंदर और प्रदीप भी गोली लगने से घायल हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, अंकित की हत्या के बाद दोनों शूटर बागपत के रास्ते लोनी की ओर फरार हुए थे। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी।
Read More : झारखंड में आज बारिश और वज्रपात का अलर्ट, 40 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
सोमवार सुबह दोनों औद्योगिक क्षेत्र से होते हुए सोनीपत जाने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए। पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मौके से हथियार और अन्य सामान भी बरामद किए गए हैं।
चार शूटरों ने दिया था वारदात को अंजाम
पुलिस जांच के अनुसार, अंकित की हत्या में कुल चार शूटर शामिल थे। इनमें सुमित और मोहित मारे जा चुके हैं, जबकि सत्यम और आर्यन की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद शूटर कांधला की तरफ से भागे थे। इसी दौरान उन्होंने कपड़े बदले और एक बैग कांधला में छोड़ दिया था। पुलिस का दावा है कि सोमवार को दोनों उसी बैग को लेने के लिए औद्योगिक क्षेत्र की तरफ आए थे। बैग में पैसे होने की बात भी सामने आई है। जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों शूटर 20 अगस्त को शामली के सूर्या होटल में रुके थे। वहां उन्होंने QR कोड के जरिए भुगतान किया था। पुलिस होटल रिकॉर्ड और डिजिटल पेमेंट के जरिए उनकी गतिविधियों की कड़ियां जोड़ रही है। पुलिस के अनुसार, अंकित की गाड़ी में GPS भी लगाया गया था। अब जांच की जा रही है कि GPS किसने उपलब्ध कराया, गाड़ी में किसने लगाया और उसकी लोकेशन की जानकारी किन लोगों तक पहुंच रही थी।
भोलू शाहपुरिया पर साजिश का शक
पुलिस की अब तक की जांच में सोनीपत निवासी भोलू उर्फ राहुल शाहपुरिया का नाम हत्याकांड की साजिश से जुड़कर सामने आया है। पुलिस के अनुसार, भोलू गोगी गैंग से जुड़ा रहा है और अंकित से रंजिश रखता था। जांच के मुताबिक, गोगी गैंग के सरगना जितेंद्र गोगी की हत्या के बाद अंकित ने ‘भारी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’ गाना गाया था। इसी गाने को लेकर भोलू और उसके साथियों में नाराजगी थी। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अंकित को टिल्लू गैंग से जुड़ा मान लिया था। टिल्लू ताजपुरिया और अंकित का गोत्र बालियान बताया जाता है। इसी आधार पर अंकित का टिल्लू गैंग से कनेक्शन मानकर रंजिश रखने की बात सामने आई है। जांच में अंकित के इस गाने को करीब 400 मिलियन व्यूज मिलने की जानकारी भी शामिल है।
गोगी, पंपू और इक्का गैंग के संपर्कों की जांच
अंकित हत्याकांड की जांच अब गोगी गैंग के साथ पंपू और इक्का गैंग से जुड़े बताए जा रहे लोगों तक भी पहुंच गई है। पुलिस को हत्या से कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर धमकी भरे वीडियो और पोस्ट मिलने की जानकारी मिली है। इन पोस्ट और वीडियो में हथियारों का प्रदर्शन, कारों के काफिले और लोगों को डराने वाली बातें दिखाई गई थीं। एक वीडियो में गिरोह से जुड़े बताए जा रहे युवक ‘देश से विदेश तक चलता है सिक्का’ जैसी बातें कहते नजर आए। एक अन्य वीडियो में दिल्ली, हरियाणा और जयपुर तक शूटर होने का दावा किया गया। एक कार पर नंबर प्लेट की जगह ‘गोगी ग्रुप’ लिखे होने का भी दावा है। पुलिस राकेश कादियान उर्फ पंपू और सोशल मीडिया पर इक्का गैंग के नाम से सक्रिय बताए जा रहे युवकों की गतिविधियां भी खंगाल रही है। पुलिस के अनुसार, तीनों गिरोहों से जुड़े 50 से अधिक लोगों के सोशल मीडिया अकाउंट, मोबाइल नंबर, आपसी बातचीत और संपर्कों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन लोगों का संपर्क केवल सोशल मीडिया या व्यक्तिगत संबंधों तक था या हत्या की साजिश में भी उनकी भूमिका रही।
कनाडा कनेक्शन और भूपेंद्र ढींगरा की भी जांच
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, जांच में सामने आया है कि भोलू और जितेंद्र गोगी के कुछ परिवार के सदस्य कनाडा में रह रहे हैं। पुलिस को आशंका है कि विदेश में बैठे कुछ लोग गिरोह की गतिविधियों को ऑपरेट कर रहे हैं। रंगदारी, हत्या और सोशल मीडिया पर धमकी जैसी गतिविधियों में उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस जांच में भोलू शाहपुरिया के चाचा के बेटे चिराग का नाम भी सामने आया है। कनाडा से बैठकर गिरोह से जुड़ी सोशल मीडिया गतिविधियां संचालित करने और कुछ पोस्ट चिराग के माध्यम से किए जाने का दावा सामने आया है। पुलिस इन दावों की पुष्टि के लिए डिजिटल साक्ष्य जुटा रही है।
हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने का दावा करने वाला हरियाणवी गायक भूपेंद्र ढींगरा भी पुलिस की जांच के दायरे में है। शनिवार रात वह फिर सोशल मीडिया पर लाइव आया था। पुलिस के अनुसार, लाइव के दौरान हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के 123 लोग उससे जुड़े। भूपेंद्र ने हत्याकांड को लेकर आपत्तिजनक बातें कीं और खुद के फेमस होने की बात कही। लाइव के दौरान खुद को पुलिसकर्मी बताने वाले दो युवक भी उससे जुड़े और उन्होंने कहा कि अब वह बच नहीं पाएगा। इसके बाद भूपेंद्र गाली-गलौज करता नजर आया।
पुलिस अब लाइव से जुड़े लोगों और उनकी भूमिका की भी जानकारी जुटा रही है। एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। हरियाणा पुलिस के सहयोग से संदिग्ध गिरोहों और उनके नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। फरार आरोपियों सत्यम और आर्यन की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।




