रांची: झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। कभी बारिश तो कभी धूप देखने को मिल रही है। राजधानी रांची में सोमवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में बारिश, मेघ गर्जन और वज्रपात की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार, 31 अगस्त को झारखंड के ज्यादातर हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और राज्य के मध्य हिस्सों में भी कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने पूरे राज्य में वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
1 सितंबर को भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, रांची, खूंटी, लोहरदगा और गुमला समेत कई जिलों में बारिश और वज्रपात को लेकर विशेष अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं, 2 से 5 सितंबर तक राज्य में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और मेघ गर्जन हो सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में झारखंड के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। रांची में 31 अगस्त को अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री रहने का अनुमान है।




