रांची: रांची के जेएससीए स्टेडियम में रविवार को झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) की वार्षिक आमसभा हुई। बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। झारखंड हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश जस्टिस वीरेंद्र सिंह को JSCA का लोकपाल और एथिक्स ऑफिसर नियुक्त किया गया है।
बैठक में एसबी सिंह और एसए रहमान की सदस्यता खत्म करने के फैसले को भी मंजूरी दी गई। JSCA अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में करीब 400 सदस्य शामिल हुए।
बैठक के दौरान एसोसिएशन के ऑडिटेड लेखा-जोखा को मंजूरी दी गई और पिछली बैठकों की कार्यवाही की पुष्टि की गई। आगामी क्रिकेट सत्र के लिए पुरुष और महिला टीमों की चयन समितियों का भी ऐलान किया गया।
मनीष वर्द्धन को सीनियर पुरुष चयन समिति और कौशल सिंह को जूनियर पुरुष चयन समिति का चेयरमैन बनाया गया। वहीं, महिला चयन समिति की चेयरमैन की जिम्मेदारी कविता रॉय को दी गई।
टिकट वितरण में गड़बड़ी का आरोप
इस बीच निष्कासित सदस्य एसबी सिंह ने टिकट वितरण में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। उन्होंने 30 नवंबर 2025 को भारत-दक्षिण अफ्रीका मैच के फ्री पास बांटने में कथित अनियमितता की जांच की मांग की है।
एसबी सिंह ने इस मामले में एसएसपी से शिकायत कर कुछ JSCA पदाधिकारियों और टिकटिंग एजेंसी की भूमिका की जांच कराने की मांग की है।




