रांची: जिले के ग्रामीण इलाकों में पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और मातृ-शिशु देखभाल की बुनियादी सुविधाओं को और सुदृढ़ करने के लिए जिला परिषद, रांची (अभियंत्रण शाखा) ने नई पहल तेज कर दी है। जिले के तीन प्रमुख प्रखंडों नामकुम, अनगड़ा और खलारी में नए आंगनबाड़ी केंद्र भवनों का निर्माण किया जाएगा। इन केंद्रों के तैयार होने से स्थानीय बच्चों को बेहतर माहौल में प्रारंभिक शिक्षा और पोषाहार मिल सकेगा, वहीं गर्भवती महिलाओं व धात्री माताओं को भी नियमित स्वास्थ्य व पोषण सेवाएं सुलभ होंगी।
सहेरा, दहुआ और दुल्ली में बनेंगे नए भवन
जिला परिषद रांची के जिला अभियंता कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, नामकुम प्रखंड के सहेरा, अनगड़ा प्रखंड के दहुआ तथा खलारी प्रखंड के दुल्ली में आंगनबाड़ी केंद्र भवन का निर्माण कार्य कराया जाएगा। प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र भवन के निर्माण के लिए 11,66,300 रुपये की प्राक्कलित राशि निर्धारित की गई है। इस तरह तीनों केंद्रों के निर्माण पर कुल 34,98,900 रुपये खर्च किए जाएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में जमीनी स्तर पर सामाजिक ढांचे को मजबूत करने के लिहाज से इस योजना को काफी अहम माना जा रहा है।
छह महीने में पूरा होगा निर्माण कार्य
निर्माण कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए 6 माह की अवधि तय की गई है। जिला परिषद के अंतर्गत निबंधित समुचित श्रेणी के संवेदक इस कार्य के लिए 1 दिसंबर 2026 को अपराह्न 3 बजे तक जिला अभियंता/सहायक अभियंता, जिला परिषद कार्यालय, रांची से परिमाण विपत्र प्राप्त कर सकेंगे, जिसके लिए 5000 रुपये का शुल्क और 70,000 रुपये की अग्रधन राशि निर्धारित है।
2 दिसंबर को खोले जाएंगे आवेदन, लंबित कार्य वाले नहीं ले सकेंगे हिस्सा
इच्छुक योग्य संवेदक 2 दिसंबर 2026 को अपराह्न 3 बजे तक जिला नियंत्रण कक्ष, रांची में अपना आवेदन जमा कर सकेंगे। उसी दिन अपराह्न 3:30 बजे जिला परिषद कार्यालय, रांची में आवेदन खोले जाएंगे। कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि जिन संवेदकों का कार्य जिला परिषद रांची में पहले से चल रहा है या लंबित है, वे इसमें भाग नहीं ले सकेंगे और उनके आवेदन अमान्य कर दिए जाएंगे। अन्य सभी शर्तें जिला परिषद कार्यालय के सूचना पट पर देखी जा सकती हैं।





