फॉण्ट कनवर्टर NEW

वैशाली: फर्जी FSSAI लाइसेंस से बिक रहा था पानी, 35,454 बोतलें जब्त

वैशाली के हाजीपुर में फर्जी FSSAI लाइसेंस नंबर पर बिक रहे पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी छापेमारी कर 35,454 बोतलें जब्त की हैं।

अपनी भाषा में पढ़ें

Vaishali: बिहार में आम लोगों को मिलावटमुक्त और मानक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग का विशेष अभियान तेज हो गया है। स्वास्थ्य सचिव-सह-खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के निर्देश पर वैशाली जिले के हाजीपुर स्थित एक फैक्ट्री में बड़ी छापेमारी की गई। जांच के दौरान फर्जी FSSAI लाइसेंस नंबर के सहारे तैयार की जा रही पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की कुल 35,454 बोतलें जब्त की गईं। खाद्य संरक्षा विभाग की इस सख्त कार्रवाई से मिलावटखोरों और नियमों की अनदेखी करने वालों में हड़कंप मच गया है।

हाजीपुर की फैक्ट्री में फर्जी FSSAI नंबर का भंडाफोड़

खाद्य संरक्षा आयुक्त को मिली गुप्त शिकायत के आधार पर टीम ने हाजीपुर के सादुल्लाहपुर स्थित मेसर्स एबीएस इंडस्ट्रीज (M/s ABS Industries) के परिसर में औचक दबिश दी। जांच में पाया गया कि प्रतिष्ठान के पास एफएसएसएआई का सेंट्रल लाइसेंस तो मौजूद था, लेकिन बिक्री के लिए तैयार की जा रही पानी की बोतलों पर बिल्कुल अलग लाइसेंस नंबर छापा गया था। विभाग की प्रारंभिक पड़ताल में बोतलों पर दर्ज यह लाइसेंस नंबर पूरी तरह फर्जी पाया गया। इसके अलावा, बोतलों पर निर्माता के रूप में मेसर्स साहिल एंटरप्राइजेज (M/s Sahil Enterprises) का नाम अंकित था, जबकि इस नाम के ट्रेड के लिए प्रतिष्ठान के पास कोई वैध अनुमति नहीं थी। कई बोतलों के लेबल से बैच नंबर (B.No.) भी नदारद मिला।

35 हजार से ज्यादा बोतलें जब्त, 3 दिन का अल्टीमेटम

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके पर भंडारित पानी के पूरे स्टॉक को तुरंत सीज कर दिया। जब्त किए गए 35,454 पानी की बोतलों में 500 मिलीलीटर की 33,432 बोतलें, 2 लीटर क्षमता की 1,782 बोतलें और 1 लीटर की 240 बोतलें शामिल हैं। सुरक्षा टीम ने पानी के नमूने एकत्र कर रासायनिक और गुणवत्ता जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेज दिए हैं। विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठान संचालक को निर्देश दिया है कि वह तीन दिनों के भीतर पानी के निर्माण और वितरण से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करे। साथ ही, मामले में सेंट्रल लाइसेंसिंग अथॉरिटी से भी औपचारिक पत्राचार शुरू कर दिया गया है।

त्योहारों को लेकर राज्यभर में 765 से अधिक सैंपल जांच में

आगामी दुर्गा पूजा और दीवाली जैसे त्योहारों को देखते हुए खाद्य संरक्षा विभाग पूरे प्रदेश में सघन जांच अभियान चला रहा है। विभाग के मुताबिक, अब तक राज्य के विभिन्न जिलों से 765 से अधिक खाद्य नमूने संग्रहित कर लैब में भेजे जा चुके हैं। इनमें दूध और दुग्ध उत्पाद, मिठाइयां, खाद्य तेल, मसाले, सॉस, अनाज, दालें, स्ट्रीट फूड और बेकरी उत्पाद शामिल हैं। अधिकारियों ने दो टूक चेतावनी दी है कि मिलावटी सामान बेचने, फर्जी लेबलिंग करने या स्वच्छता मानकों की अनदेखी करने वाले कारोबारियों के खिलाफ आगे भी लाइसेंस रद्द करने और कानूनी कार्रवाई का दौर जारी रहेगा।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram