Lucknow: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लोकभवन में लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर ‘सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार क्षेत्र विकास योजना’ का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश के सभी 75 जनपदों में ‘सरदार पटेल स्किल एंड एम्प्लॉयमेंट जोन’ विकसित किए जाएंगे।
Read more: जातिवाद और जिन्नावाद पर CM योगी की दोटूक, बोले- मिलकर करना होगा मुकाबला
पहले चरण में इन पांच जिलों से शुरुआत
योजना के पहले चरण के तहत गोरखपुर, लखनऊ, कानपुर, झांसी और गौतमबुद्धनगर में इन केंद्रों की स्थापना की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके पश्चात, इसका विस्तार सभी 18 मंडल मुख्यालयों और फिर प्रदेश के प्रत्येक जिले तक किया जाएगा। इन केंद्रों की विशेषता यह होगी कि यहां युवाओं का पंजीकरण, उनकी रुचि व योग्यता के अनुसार कौशल प्रशिक्षण (स्किलिंग) और रोजगार की व्यवस्था एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा, विदेशों (जैसे जापान या जर्मनी) में नौकरी के इच्छुक युवाओं को वहां की भाषा और जरूरी कौशल का विशेष प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने का प्रबंध भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सभी 18 मंडल मुख्यालयों के लिए धनराशि की व्यवस्था पहले ही की जा चुकी है और जमीन मिलते ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। गौतमबुद्धनगर में यमुना प्राधिकरण और गोरखपुर में गीडा (GORDA) इस पहल से जुड़े हैं। टाटा इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ स्किल्स, अशोक लीलैंड, सीआईपैट, एशियन डेवलपमेंट बैंक और मिंडा जैसी दिग्गज संस्थाओं के साथ एमओयू किए गए हैं, जिससे युवाओं को आधुनिक तकनीक और उच्च स्तरीय प्रशिक्षण का लाभ मिल सके।
पिछली सरकारों और माफिया संस्कृति पर तीखा हमला
विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के लोग देश की युवा आबादी को बोझ मानते थे, लेकिन हमने इसे अपनी सबसे बड़ी ताकत और उपलब्धि माना। पिछली सरकारों पर तीखा प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि पहले की सरकारें हर जिले में ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया’ पालती थीं, जहां युवाओं की नौकरियों और रोजगार पर माफिया और डकैत कब्जा कर लेते थे। इसके विपरीत, वर्तमान सरकार ने माफिया को मिट्टी में मिलाया और ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ (ODOP) के जरिए करोड़ों लोगों को रोजगार के नए अवसर दिए हैं। पिछले साढ़े नौ वर्षों में साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को सीधे सरकारी नौकरी दी गई है।
डिजिटल इंडिया और मजबूत अर्थव्यवस्था का जिक्र
मुख्यमंत्री ने डिजिटल क्रांति और देश की आर्थिक प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है और सबसे तेजी से आगे बढ़ रहा है। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने युवाओं को राष्ट्रीय एकता, कौशल और रोजगार से जोड़ने को ही सरदार पटेल के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि बताया और ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को दोहराया।







