Lucknow: उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि जो लोग जिन्ना को अपना आदर्श मानते हैं, वे कभी भी लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के अनुयायी नहीं हो सकते। सरदार पटेल का सच्चा अनुयायी वही हो सकता है जिसके मन में राष्ट्रवाद का भाव हो और जो भारत की एकता, सुरक्षा व संप्रभुता को सर्वोपरि रखता हो। समाज को जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर बांटने का प्रयास करने वाले विभाजनकारी तत्व देश की प्रतिरोधक क्षमता को कमजोर कर आक्रांताओं को आमंत्रित करते हैं।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने राजधानी लखनऊ के जीपीओ स्थित पटेल पार्क में ‘लौह पुरुष’ और ‘भारत रत्न’ सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि समारोह को संबोधित करते हुए ये विचार व्यक्त किए। इस दौरान उन्होंने पटेल जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से 2014 के बाद से पूरा देश 31 अक्टूबर को ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में मना रहा है।
रोजगार और औद्योगिक विकास पर जोर
सीएम ने कहा कि इस वर्ष सरदार पटेल की 151वीं जयंती विशेष है, क्योंकि डबल इंजन की सरकार उनके 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में हर जनपद में एक ‘एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन’ का गठन करने जा रही है। इसका शुभारंभ आज ही किया जा रहा है, जिससे उत्तर प्रदेश के युवाओं की स्किलिंग और रोजगार की व्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित होगी।
ऐतिहासिक संदर्भ और सरदार पटेल का योगदान
सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए सीएम ने कहा कि उन्होंने 563 से अधिक रियासतों को भारतीय गणराज्य का अभिन्न हिस्सा बनाया था। जूनागढ़ और हैदराबाद रियासतों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि लौह पुरुष की सख्त चेतावनी के बाद वहां के शासकों को झुकना पड़ा था। उन्होंने कश्मीर मुद्दे और धारा 370 का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में गृह मंत्री अमित शाह ने धारा 370 को हमेशा के लिए समाप्त कर सरदार पटेल और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों का भारत साकार किया है। अब देश में ‘एक प्रधान, एक विधान और एक निशान’ की व्यवस्था लागू है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक शशांक वर्मा द्वारा सीएम को गेहूं के दाने से निर्मित सरदार पटेल का अद्भुत चित्र भेंट किया गया तथा ‘पटेल स्मारिका 2026’ का विमोचन भी किया गया।







