बोकारो: बोकारो क्लब के पास गुरुवार सुबह मॉर्निंग वॉक से लौट रही एक महिला से बाइक सवार दो बदमाशों ने चेन छीन ली। महिला ने विरोध करते हुए शोर मचाया तो बदमाशों ने पिस्तौल उसके पेट पर सटा दी और जान से मारने की धमकी दी। वारदात के बाद दोनों बदमाश बाइक से पुस्तकालय मैदान की ओर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-5 सेंटर मार्केट निवासी 48 वर्षीय यास्मीन निगार सुबह पुस्तकालय मैदान में मॉर्निंग वॉक के लिए गई थीं। लौटने के दौरान बोकारो क्लब जाने वाले रास्ते पर लाल रंग की पैशन प्रो बाइक पर सवार हेलमेट पहने दो युवक उनके आगे निकले। कुछ दूर जाकर दोनों ने बाइक रोक दी।
इसके बाद एक बदमाश दौड़कर महिला के पास आया और झपट्टा मारकर उनकी चेन छीन ली। महिला ने शोर मचाकर मदद मांगी तो बदमाश ने पिस्तौल निकालकर उनके पेट पर सटा दी और चुप रहने की धमकी दी।
घटना की सूचना मिलने पर सेक्टर-6 थाना, सेक्टर-1 थाना की पुलिस और सिटी डीएसपी राजीव रंजन मौके पर पहुंचे। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस बदमाशों के आने-जाने और फरार होने के रास्तों की भी जांच कर रही है।
सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।




