Sahibganj: साहिबगंज जिले से एक दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के बड़ा तालबन्ना गांव में बुधवार देर रात 18 वर्षीय युवक विपोल मंडल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव उसके घर से कुछ दूरी पर स्थित एक खेत के पास संदिग्ध हालत में पड़ा मिला। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
शादी के दो महीने बाद उजड़ी दुनिया
मिली जानकारी के मुताबिक, विपोल मंडल की महज दो महीने पहले ही शादी हुई थी। परिवार की खुशियां अभी ठीक से परवान भी नहीं चढ़ पाई थीं कि इस अनहोनी ने सबको झकझोर कर रख दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की रात बुधवार को करीब आठ बजे विपोल शौच जाने की बात कहकर घर से निकला था। लेकिन जब देर रात करीब 12 बजे तक वह वापस नहीं लौटा, तो परिजनों की चिंता बढ़ने लगी। परिवार के लोगों ने उसकी खोजबीन शुरू की। काफी तलाशने के बाद जब वे घर से कुछ दूरी पर पहुंचे, तो विपोल जमीन पर मृत अवस्था में पड़ा मिला।
गले पर मिले गहरे निशान, हत्या की आशंका
परिजनों का आरोप है कि विपोल की गला दबाकर हत्या की गई है। उनका कहना है कि मृतक के गले पर गहरे निशान पाए गए हैं, जो किसी सुनियोजित साजिश की ओर इशारा करते हैं। हालांकि, मौत के असली कारणों से पर्दा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही उठ सकेगा।
स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि विपोल का गांव के ही कुछ लोगों के साथ पहले से विवाद चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी भी आरोपी की संलिप्तता या हत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी नितेश कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और उसे पोस्टमार्टम के लिए राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और गले पर मिले निशानों के आधार पर हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस परिजनों के लिखित बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी है। इस सनसनीखेज घटना के बाद से इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।





