जियारत क्रॉस पर सैन्य काफिले पर घात लगाकर हमला
बीएलए के प्रवक्ता की ओर से जारी बयान के अनुसार, पहला हमला जियारत क्रॉस के समीप सैन्य काफिले को निशाना बनाकर किया गया। लड़ाकों ने सीधे सैन्य वाहनों पर हमला बोला, जिससे एक बड़े सैन्य ट्रक समेत दो गाड़ियां जलकर राख हो गईं। संगठन ने पहले इस हमले में 18 सैनिकों के मारे जाने की बात कही थी, लेकिन बाद में मृतक संख्या को बढ़ाकर 25 कर दिया। हमले से जुड़ा 1 मिनट 11 सेकंड का वीडियो ट्रेलर भी जारी किया गया है, जिसमें हथियारबंद लड़ाके आग की लपटों से घिरे सैन्य वाहनों के पास खड़े नजर आ रहे हैं। मौके पर शव और हथियार होने का दावा करते हुए संगठन ने जल्द पूरा वीडियो जारी करने की बात कही है।
सुराब में रिमोट कंट्रोल से उड़ाई विस्फोटकों से भरी गाड़ी
दूसरा हमला सुराब के हाजीका इलाके में संगठन की स्पेशल टैक्टिकल ऑपरेशंस स्क्वाड ने अंजाम दिया। इसमें विस्फोटकों से भरी गाड़ी को रिमोट से उड़ाकर सैन्य वाहन को नष्ट कर दिया गया। बीएलए का दावा है कि इस धमाके में एक वाहन पूरी तरह खाक हो गया और 7 जवान मारे गए।
यह बड़ा हमला ऐसे वक्त हुआ है जब हाल ही में पाकिस्तानी सेना ने चगाई जिले के नोकचा और पिशिन जिले के जियारत चौराहे पर हुई मुठभेड़ों में ‘फितना-अल-खवारिज’ से जुड़े 21 विद्रोहियों को ढेर करने का दावा किया था। उस कार्रवाई में सेना के पांच जवान और कस्टम विभाग के एक अधिकारी की भी जान गई थी।




