फॉण्ट कनवर्टर NEW

ट्रक ने मचाया तांडव! टाटा मैजिक को रौंदा, एक की मौत, दो घायल

Jamshedpur News: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण

अपनी भाषा में पढ़ें

Jamshedpur News: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जताई।

जानकारी के अनुसार रांची से जमशेदपुर की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रक चिलगु मोड़ के पास अचानक अनियंत्रित हो गया। बेकाबू ट्रक ने पहले एक टाटा मैजिक वाहन को जोरदार टक्कर मारी और फिर सड़क किनारे मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना में चिलगु निवासी जितेन दास की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं टाटा मैजिक के चालक कालीपद गोप गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा चाकुलिया निवासी एक व्यक्ति भी घायल हुआ है, जिसे मामूली चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि वह मोटरसाइकिल से सड़क पार कर रहा था, तभी ट्रक की चपेट में आ गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों का आक्रोश सामने आया। ग्रामीणों का कहना है कि चिलगु क्षेत्र में पिछले एक वर्ष से अधिक समय से फोरलेन सड़क का एक हिस्सा बंद रहने के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित है। पुराने पुल के जर्जर होने के बाद यहां नए पुल का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके चलते सड़क को एक लेन में संचालित किया जा रहा है। चिलगु मोड़ पर की गई बैरिकेडिंग और अव्यवस्थित ट्रैफिक प्रबंधन के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य की धीमी गति भी इस समस्या की बड़ी वजह है।

हादसे की सूचना मिलते ही आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई। साथ ही भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। हरेलाल महतो ने जिला प्रशासन और एनएचएआई से पुल निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा फोरलेन सड़क पर जल्द सामान्य यातायात बहाल करने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

उधर, सूचना मिलने के बाद चांडिल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारण कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram