हजारीबाग: एनटीपीसी नॉर्थ कर्णपुरा पावर प्लांट में फ्लाई ऐश और कोयला ढुलाई को लेकर स्थानीय वाहन मालिकों में नाराजगी बढ़ रही है। रविवार को टंडवा के सूर्य मंदिर परिसर में विस्थापित प्रभावित सम्मिलित हाईवा एसोसिएशन के नेतृत्व में चतरा, सिमरिया, केरेडारी, टंडवा और कटकमसांडी के वाहन मालिकों की बैठक हुई।
बैठक में वाहन मालिकों ने आरोप लगाया कि फ्लाई ऐश ढुलाई के ठेकेदार स्थानीय वाहनों को कम भाड़े पर चलाना चाहते हैं। साथ ही बाहरी टिप-ट्रेलर वाहनों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे स्थानीय वाहन मालिकों को आर्थिक नुकसान हो रहा है।
31 अगस्त से ढुलाई बंद करने की चेतावनी
वाहन मालिकों ने कहा कि अगर बाहरी वाहनों को हटाकर स्थानीय वाहनों को उचित भाड़ा नहीं दिया गया, तो 31 अगस्त से एनटीपीसी पावर प्लांट में कोयला ढुलाई बंद कर दी जाएगी। इसके साथ ही मगध, आम्रपाली, चंद्रगुप्त और सीबी-केडी परियोजनाओं से कोयला उठाव भी रोकने की चेतावनी दी गई है।
14 घंटे में एक ट्रिप, किस्त चुकाना मुश्किल
हाईवा मालिकों का कहना है कि मौजूदा भाड़े में एक वाहन को करीब 14 घंटे में एक ट्रिप मिल पाता है। इससे वाहन की किस्त और चालक का भुगतान करना भी मुश्किल हो रहा है। उन्होंने एनटीपीसी प्रबंधन से उचित भाड़ा तय करने और बाहरी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने की मांग की है।




