रांची: श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव समिति, रांची के तत्वावधान में अल्बर्ट एक्का चौक, मेन रोड में 4 और 5 सितंबर को श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव मनाया जाएगा। आयोजन को लेकर रविवार को समिति के मुख्य संरक्षक सह रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, संरक्षक अजय मारू, अध्यक्ष मुकेश काबरा सहित पदाधिकारियों और सदस्यों ने कार्यक्रम स्थल पर दही हांडी प्रतियोगिता के लिए मटकी लगाई। मटकी को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। इससे पहले सांस्कृतिक मंच के निर्माण के लिए भूमि पूजन भी किया गया।
16वीं बार होगा नमो दही हांडी उत्सव
समिति के संरक्षक संजय सेठ और अध्यक्ष मुकेश काबरा ने बताया कि समिति इस वर्ष 16वीं बार नमो दही हांडी जन्माष्टमी उत्सव का आयोजन कर रही है। 4 सितंबर को शाम 3 बजे श्री कृष्ण के बाल रूप की झांकी का उद्घाटन होगा। इसके साथ बाल गोपाल प्रतियोगिता और झांकी प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। इसमें बच्चे श्री कृष्ण के अलग-अलग रूपों में हिस्सा ले सकेंगे।
5 सितंबर को होगी दही हांडी प्रतियोगिता
5 सितंबर को शाम 3 बजे नमो दही हांडी प्रतियोगिता, भजन संध्या और नृत्य-नाट्य का आयोजन होगा। प्रतियोगिता का उद्घाटन झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार करेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में मुंबई से संध्या कुरेचा शामिल होंगी।
मुंबई और वृंदावन के कलाकार देंगे प्रस्तुति
कार्यक्रम में मुंबई की 40 से अधिक कलाकारों की टीम सतीश कृष्णमूर्ति एंड पार्टी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेगी। वहीं वृंदावन और मथुरा की राजेश शर्मा एंड पार्टी द्वारा श्री कृष्ण की रासलीला और झांकियों की प्रस्तुति दी जाएगी। दही हांडी प्रतियोगिता में पुरुष और महिला गोविंदा टीमें हिस्सा ले सकेंगी।
पुरुष विजेता को 71 हजार और महिला विजेता को 51 हजार रुपये
दही हांडी प्रतियोगिता में महिला गोविंदाओं के लिए हांडी की ऊंचाई 20 फीट और पुरुष गोविंदाओं के लिए 25 फीट रखी गई है। पुरुष वर्ग में प्रथम पुरस्कार 71 हजार रुपये और द्वितीय पुरस्कार 41 हजार रुपये रखा गया है। महिला वर्ग में प्रथम पुरस्कार 51 हजार रुपये और द्वितीय पुरस्कार 31 हजार रुपये दिए जाएंगे। प्रतियोगिता में 18 वर्ष से अधिक उम्र के पुरुष और महिलाएं हिस्सा ले सकेंगे। इसके अलावा सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
समिति के अनुसार, वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजन स्थल को वंदे मातरम् की थीम पर सजाया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत भी वंदे मातरम् से होगी।
गोविंदा टीम और बाल गोपाल झांकी प्रतियोगिता में शामिल होने के इच्छुक प्रतिभागी 3 सितंबर से पहले मेन रोड स्थित केडिया साइकिल और स्टेशन रोड स्थित पतंजलि से फॉर्म लेकर पंजीकरण करा सकते हैं। दही हांडी और झांकी प्रतियोगिता की तैयारियां राज वर्मा और उनके सहयोगियों की देखरेख में चल रही हैं।
समिति के अध्यक्ष मुकेश काबरा और मीडिया प्रभारी प्रमोद सारस्वत ने लोगों से अपील की है कि वे 4 और 5 सितंबर को आयोजित श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में अपने परिवार और इष्ट-मित्रों के साथ शामिल हों।




