New York: अमेरिका में 10 सेंट का एक ऐतिहासिक सिक्का 11.81 करोड़ रुपये में बिका है। खास बात यह है कि दुनिया में अब इस दुर्लभ सिक्के के मात्र 9 ही नमूने बचे हैं। दुर्लभ सिक्कों की दुनिया में छोटे से इस 10 सेंट के सिक्के ने इन दिनों तहलका मचा रखा है।
Read more: जहां हर पल रहता है मौत का खतरा, वहां 700 साल से पहरा दे रहे हैं भगवान गणेश! जानिए अनोखा रहस्य
11.81 करोड़ रुपये में नीलामी
वर्ष 1894 में ढाला गया बेहद दुर्लभ ‘एस-डाइम’ सिक्का, जिसे ‘बारबर डाइम’ भी कहा जाता है, हाल ही में 12.5 लाख डॉलर यानी करीब 11.81 करोड़ रुपये में नीलाम हुआ है। एक सितंबर को स्टैक्स बोवर्स गैलरीज की नीलामी में पेश किए गए इस सिक्के के लिए कलेक्टर्स के बीच जबरदस्त होड़ देखने को मिली। खास बात यह है कि यह सिक्का अब तक केवल चार बार नीलामी में पेश किया गया है।
दुनिया में बचे हैं सिर्फ 9 सिक्के
इस सिक्के की दुर्लभता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वर्ष 1894 में ऐसे सिर्फ 24 सिक्के ढाले गए थे और अब पूरी दुनिया में इनमें से केवल नौ सिक्के ही बचे हैं। इसे अमेरिका के 100 महानतम सिक्कों की एक प्रमुख गाइड में चौथा स्थान भी दिया गया है।
डिजाइन और इतिहास से जुड़े रहस्य
इस सिक्के को यूनाइटेड स्टेट्स ब्यूरो ऑफ द मिंट के चीफ एन्ग्रेवर चार्ल्स ई. बारबर ने डिजाइन किया था, जिनके नाम पर इसे बारबर डाइम कहा जाता है। इसके निर्माण को लेकर कई ऐतिहासिक धारणाएं हैं। इसकी कहानी वर्ष 1893 के आर्थिक संकट से भी जोड़ी जाती है, जब अमेरिका में आर्थिक मंदी के कारण नए सिक्कों की ढलाई प्रभावित हुई थी। कुछ इतिहासकारों के मुताबिक सैन फ्रांसिस्को मिंट में बची चांदी का इस्तेमाल करने के लिए इन सिक्कों को ढाला गया था। वहीं एक अन्य धारणा के अनुसार मिंट के सुपरिंटेंडेंट ने अपनी बेटी और कुछ बैंकर मित्रों को उपहार देने के लिए इन्हें बनवाया था।
कॉइन कलेक्टर डेव बोवर्स का जुड़ाव
इस दुर्लभ सिक्के से कॉइन कलेक्टर डेव बोवर्स की कहानी भी जुड़ी है। वर्ष 1957 में महज 19 साल की उम्र में उन्होंने यह सिक्का 4,750 डॉलर में खरीदा था। उस समय इतनी कम उम्र में एक सिक्के के लिए इतनी बड़ी रकम खर्च करना बेहद असाधारण माना गया था। वर्ष 1960 में उन्होंने इसे 6,000 डॉलर में बेच दिया, जिसके बाद यह कई नामी कलेक्टर्स के पास पहुंचा। जिस स्टैक्स बोवर्स गैलरीज में इसकी हालिया नीलामी हुई, उसका नाम भी डेव बोवर्स के नाम पर रखा गया है। डिजाइन के लिहाज से भी यह सिक्का आज के अमेरिकी 10 सेंट के सिक्कों से बिल्कुल अलग है। मौजूदा डाइम पर फ्रैंकलिन डी. रूजवेल्ट की तस्वीर होती है, जबकि बारबर डाइम के सामने वाले हिस्से पर लेडी लिबर्टी का चित्र है और पीछे की ओर फूलों की माला के बीच ‘वन डाइम’ लिखा हुआ है।




