पटना: पटना में CBI ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आयकर विभाग की असिस्टेंट कमिश्नर सुनंदा कुमार और एक क्लर्क को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। दोनों पर एक एनजीओ से 12A और 80G सर्टिफिकेट जारी करने के बदले पैसे मांगने का आरोप है।
बताया गया कि एनजीओ की ओर से CBI को शिकायत दी गई थी कि सर्टिफिकेट के लिए रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत की जांच के बाद CBI की ACB टीम ने डीएसपी रुबी चौधरी के नेतृत्व में कार्रवाई की योजना बनाई।
शुक्रवार को एनजीओ प्रतिनिधि तय योजना के अनुसार आयकर कार्यालय पहुंचा और रिश्वत की रकम दी। पैसे का लेन-देन होते ही पहले से मौजूद CBI टीम ने असिस्टेंट कमिश्नर और क्लर्क को पकड़ लिया।
75 हजार रुपये की मांग का आरोप
शिकायत के अनुसार, एनजीओ से सर्टिफिकेट जारी करने के बदले कुल 75 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। इसके अलावा स्टाफ के नाम पर भी रकम मांगे जाने का आरोप है।
CBI ने कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम बरामद कर ली है। अब एजेंसी यह जांच कर रही है कि क्या इससे पहले भी अन्य एनजीओ से सर्टिफिकेट जारी करने के नाम पर पैसे लिए गए थे।
CBI इस मामले में आयकर विभाग के पुराने रिकॉर्ड और संबंधित दस्तावेजों की भी जांच कर रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा।




