Chaibasa news: पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित झींकपानी थाना क्षेत्र के आसुरा गांव टोला सुरजाबासा में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसे में पांच वर्षीय बच्चे आनंद बिरुली की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतक बच्चा एलकेजी का छात्र था। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।

शुक्रवार को मृतक आनंद बिरुली के पिता सुखलाल बिरुली ने बताया कि गुरुवार शाम करीब पांच बजे आसुरा गांव के सुरजाबासा स्थित सरकारी तालाब में आनंद बिरुली अपनी मां अंकिता बिरूली के साथ नहाने गया था। तालाब में मां अंकिता बिरूली नहा रही थी, जबकि उसका बेटा आनंद भी पास में ही नहा रहा था। इसी दौरान अचानक मां की नजर बच्चे पर पड़ी तो वह दिखाई नहीं दिया। इसके बाद मां ने काफी खोजबीन की और ग्रामीणों की मदद से बच्चे को तालाब के गहरे पानी से बाहर निकाला।

बच्चे को बाहर निकालने के बाद वह बेसुध अवस्था में था। बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए पिता सुखलाल बिरूली ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से किराए पर छोटा हाथी वाहन की व्यवस्था की और उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा लेकर पहुंचे। सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने बच्चे को बचाने के लिए काफी देर तक प्रयास किया, लेकिन बच्चे की हालत में सुधार नहीं हो सका। अंत में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Share.
Exit mobile version