जारी (गुमला)। प्रखंड के गोबिंदपुर से लावा नदी होते हुए कमलपुर तक चल रहे सड़क, गार्डवॉल एवं पुल निर्माण कार्य में व्यापक अनियमितता का मामला सामने आया है। निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद संसद प्रतिनिधि जाकिर अंसारी ने मौके पर पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि गार्डवॉल निर्माण में निर्धारित मानकों की अनदेखी की जा रही है तथा गुणवत्ताहीन सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों ने भी निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए भविष्य में गार्डवॉल के क्षतिग्रस्त होने की आशंका जताई। संसद प्रतिनिधि ने लावा नदी पर निर्माणाधीन पुल का भी निरीक्षण किया, जहां कई तकनीकी कमियां और लापरवाही सामने आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभागीय इंजीनियर बिस्वास कुमार राव भी मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। जांच के दौरान इंजीनियर ने ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों की शिकायत को सही पाया। उन्होंने स्वीकार किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता संबंधी कमियां हैं और इसमें सुधार की आवश्यकता है। इंजीनियर बिस्वास कुमार राव ने कहा कि निर्माण कार्य में पाई गई खामियों को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। संबंधित संवेदक को तत्काल सुधार करने का निर्देश दिया गया है तथा सभी कार्य मानक के अनुरूप ही कराए जाएंगे। वहीं संसद प्रतिनिधि जाकिर अंसारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि विकास योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही और भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़क और पुल का निर्माण ग्रामीणों की सुविधा और सुरक्षा के लिए किया जा रहा है, इसलिए गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही निर्माण कार्य में सुधार नहीं किया गया तो मामले की लिखित शिकायत उच्च अधिकारियों से की जाएगी तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की जाएगी।
संसद प्रतिनिधि जाकिर अंसारी के निरीक्षण में सड़क, गार्डवॉल और पुल निर्माण में मिली अनियमितता
गोबिंदपुर-कमलपुर सड़क निर्माण में गुणवत्ता पर सवाल, इंजीनियर ने मानी कमी




