रांची, 11 जुलाई। बोकारो और धनबाद जिले में विकास परियोजनाओं के नाम पर वर्षों पहले अपनी जमीन गंवाने वाले विस्थापित परिवारों के अधिकारों और न्याय की लड़ाई अब तेज होने जा रही है। लोकहित अधिकार पार्टी ने विस्थापितों को उनका हक दिलाने के लिए राज्यव्यापी आंदोलन चलाने की घोषणा की है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हरिनाथ साहू ने कहा कि विकास की कीमत चुकाने वाले हजारों परिवार आज भी उचित पुनर्वास, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।

हरिनाथ साहू ने अपने दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे के दौरान बोकारो स्टील प्लांट और कुंडौरी डैम से प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण किया। उन्होंने विस्थापित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा वर्षों से लंबित मांगों और अधूरे पुनर्वास पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पार्टी विस्थापितों के अधिकारों की बहाली और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित कराने के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।

बैठक में आंदोलन की रूपरेखा तैयार करने के साथ-साथ संगठन विस्तार और राज्यव्यापी जनसंपर्क अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया। इस अवसर पर बोकारो जिला महामंत्री मनेष कुमार, उपाध्यक्ष एकतराम नायक, सचिव प्रकाश नायक, संध्या कुमारी सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हरिनाथ साहू ने कहा कि सरकार को विस्थापित परिवारों की समस्याओं का स्थायी समाधान निकालना चाहिए। यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो लोकहित अधिकार पार्टी राज्यभर में व्यापक जनआंदोलन छेड़ेगी। पार्टी का उद्देश्य विस्थापितों को न्याय, सम्मान और उनके वैधानिक अधिकार दिलाना है।

Share.
Exit mobile version