चतरा: झारखंड में संगठित अपराध और रंगदारी वसूलने वाले गिरोहों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में चतरा पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। हंटरगंज थाना क्षेत्र में दर्ज रंगदारी के एक चर्चित और हाई-प्रोफाइल मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुख्यात प्रिंस खान उर्फ हैदर अली गिरोह के दो मुख्य सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों पर हवाला नेटवर्क के जरिए गिरोह के लिए आर्थिक लेन-देन करने और सीधे शूटरों तक पैसे (फंडिंग) पहुंचाने का गंभीर आरोप है।
चतरा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अनिमेष नैथानी ने शनिवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में इस पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि हंटरगंज थाना क्षेत्र के पिंडरा गांव के रहने वाले स्थानीय व्यवसायी प्रेम सिंह ने प्रिंस खान के खिलाफ फोन पर रंगदारी मांगने और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस लिखित शिकायत के आधार पर हंटरगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू की गई थी।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सन्नी वर्धन के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। इस विशेष टीम ने तकनीकी और गुप्त सूचनाओं के आधार पर पड़ोसी राज्य बिहार के भोजपुर जिले में छापेमारी की। पुलिस ने वहां से मोहम्मद अस्फाक आलम (30 वर्ष) और सद्दाब अंसारी को धर-दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों की तलाशी लेने पर उनके पास से कई मोबाइल फोन और पैसों के अवैध ट्रांजैक्शन से जुड़े डिजिटल व कागजी दस्तावेज बरामद किए गए हैं। शुरुआती जांच और मोबाइल डेटा खंगालने पर इस बात के पुख्ता और महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं कि ये दोनों सीधे तौर पर गिरोह के सक्रिय सदस्यों और शूटरों के संपर्क में थे और उन्हें मोटी रकम ट्रांसफर कर रहे थे।
कड़ी पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे हवाला के माध्यम से पैसों का अवैध लेन-देन संभाल रहे थे। पुलिस अब इस संगठित गिरोह के पूरे वित्तीय नेटवर्क (फाइनेंशियल चेन) को खंगालने में जुट गई है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस नेटवर्क के तार और कहां-कहां जुड़े हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इससे पहले भी इस मामले में अमन खान, मुर्तजा अंसारी, मोहम्मद नाजिम और कृष कुमार सिंह उर्फ आयुष को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। गिरोह के अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।




