डुमरी (गुमला)। डुमरी प्रखंड के वरीय पदाधिकारी सह जिला पंचायती राज पदाधिकारी डॉ. शिशिर कुमार सिंह ने शुक्रवार को प्रखंड कार्यालय सभागार में प्रखंड के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, जन वितरण प्रणाली (आपूर्ति), आंगनबाड़ी, मनरेगा तथा पंचायत स्तर पर संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित अधिकारियों से योजनाओं की वर्तमान स्थिति, उपलब्धियों तथा लंबित कार्यों की जानकारी ली गई। डॉ. शिशिर कुमार सिंह ने योजनाओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ करने का निर्देश देते हुए कहा कि विकास योजनाओं के कार्यान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों में आने वाली समस्याओं पर भी चर्चा की गई तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक सुझाव दिए गए। साथ ही अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया गया, ताकि आम जनता को बेहतर एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) उमेश कुमार स्वासी सहित प्रखंड के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। बैठक का मुख्य उद्देश्य विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी संचालन और प्रगति की समीक्षा करना था।

Share.
Exit mobile version