रांची: राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र स्थित मनीटोला (मस्जिद के पास) में एक बंद मकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया है। घटना के संबंध में पीड़ित मो. नजमुस्साकिन (उम्र 37 वर्ष) ने डोरंडा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़ित ने बताया कि गत 18 जुलाई 2026 को वह अपने पिता और छोटे भाई के इलाज के सिलसिले में पूरे परिवार के साथ वेल्लोर गए हुए थे। जब वे 9 अगस्त 2026 को दोपहर लगभग 12 बजे घर वापस लौटे, तो देखा कि मुख्य रास्ते का चैनल गेट कटा हुआ था। घर के अंदर प्रवेश करने पर कमरे के दरवाजे और अलमारी के ताले टूटे मिले तथा सामान बिखरा पड़ा था।
जांच करने पर अलमारी के लॉकर में रखे ₹1,10,000 नकद, 169 ग्राम सोना और 678 ग्राम चांदी के आभूषण गायब मिले। चोरी गई कुल संपत्ति का अनुमानित मूल्य लगभग ₹25,36,000 (पच्चीस लाख छत्तीस हजार रुपये) बताया गया है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।





