रांची: राजधानी के खेलगांव परिसर में एक बेजुबान जानवर पर बर्बरता का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक सामुदायिक कुत्ते पर एयर गन या पेललेट से हमला किए जाने की आशंका के बाद स्थानीय नागरिकों और पशु प्रेमियों का गुस्सा फूट पड़ा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए नीतू सिंह के नेतृत्व में विभिन्न NGO से जुड़े प्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने खेलगांव थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराने हेतु लिखित आवेदन सौंपा है।
क्या है पूरा मामला?
घटना 5 अगस्त की बताई जा रही है, जब खेलगांव परिसर में एक सामुदायिक कुत्ता बेहद गंभीर और लहुलूहान हालत में पाया गया। जब पशु चिकित्सकों से उसकी जांच कराई गई, तो उसके शरीर पर तीन संदिग्ध छेद मिले। परिस्थितियों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर यह आशंका जताई गई है कि किसी सिरफिरे ने उस पर एयर गन से हमला किया है।
पुलिस को सौंपे गए अहम साक्ष्य
पशु प्रेमियों ने केवल शिकायत ही नहीं दर्ज कराई, बल्कि पुलिस को कार्रवाई में मदद के लिए कई पुख्ता सबूत भी सौंपे हैं। इनमें शामिल हैं:
- घटना से जुड़े WhatsApp चैट के प्रिंटआउट्स और अन्य साक्ष्य।
- पूर्व में जिला प्रशासन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और रांची नगर निगम को भेजे गए मांग पत्रों की प्रतियां।
- पशु चिकित्सक द्वारा तैयार की गई विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट।
न्याय की मांग को लेकर एक जुट हुए पशु प्रेमी
आवेदन सौंपते समय नील मजूमदार, सोनाली मजूमदार, अभिजीत भौमिक, केशव ठाकुर, सोनू पांडे, तनूपा कुमारी, कोमल, निशि मिश्रा और विष्णु जी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में कहा कि बेजुबान जानवरों के प्रति इस प्रकार की क्रूरता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि सौंपे गए सबूतों के आधार पर पुलिस तुरंत निष्पक्ष जांच करे और दोषी को कड़ी से कड़ी कानूनी सजा दिलाए।





