Ranchi: झारखंड में स्वाइन फ्लू यानी H1N1 को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने शनिवार को राज्य में तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी सिविल सर्जनों, मेडिकल कॉलेजों के अधीक्षकों एवं प्रधानाचार्यों और जिला निगरानी अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। मंत्री ने संदिग्ध और गंभीर मामलों की जल्द पहचान, जांच, इलाज, निगरानी और जरूरत पड़ने पर समय पर रेफरल सुनिश्चित करने को कहा है। सरकार ने संभावित H1N1 मरीजों के इलाज के लिए अस्पतालों में अतिरिक्त व्यवस्थाएं भी करने के निर्देश दिए हैं।
स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मामलों पर रहेगी नजर
स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को इन्फ्लूएंजा जैसे लक्षण (ILI) और गंभीर तीव्र श्वसन संक्रमण (SARI) के मामलों की निगरानी और रिपोर्टिंग मजबूत करने को कहा है। जिला निगरानी अधिकारियों को किसी भी महत्वपूर्ण घटनाक्रम की तत्काल स्वास्थ्य विभाग को सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं। संदिग्ध और गंभीर मरीजों की जल्द पहचान कर उन्हें बिना देरी उचित उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।
अस्पतालों में 10 अतिरिक्त बेड होंगे रिजर्व
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, रिम्स रांची, सभी मेडिकल कॉलेज अस्पतालों और सदर अस्पतालों में संभावित H1N1 मरीजों के लिए अतिरिक्त 10 बेड रिजर्व रखने का निर्देश दिया गया है।
अस्पतालों को इन व्यवस्थाओं को भी तैयार रखने को कहा गया है:
- पर्याप्त ऑक्सीजन की उपलब्धता
- आवश्यक दवाओं और चिकित्सा उपकरणों का स्टॉक
- जांच की सुविधा
- आईसीयू और एचडीयू की तैयारी
- प्रशिक्षित डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की उपलब्धता
एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी सतर्कता
स्वास्थ्य विभाग को हवाई अड्डों, रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंडों और अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। बुखार, खांसी, गले में खराश, सर्दी या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण वाले लोगों की जरूरत के अनुसार चिकित्सकीय जांच की जाएगी। डॉक्टर की सलाह के आधार पर इन्फ्लूएंजा या H1N1 की जांच कराई जा सकती है।
गंभीर मरीजों को तुरंत रेफर करने का निर्देश
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि संदिग्ध मरीजों की समय पर पहचान से लेकर जांच, इलाज और जरूरत पड़ने पर रेफरल तक हर स्तर पर व्यवस्था मजबूत की जा रही है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग संभावित H1N1 स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। उन्होंने अतिरिक्त मुख्य सचिव अजय कुमार, स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और विभिन्न जिलों के सिविल सर्जनों के साथ तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए। मंत्री ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नागरिकों के स्वास्थ्य और जीवन की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।




