रांची: झारखंड भाजपा प्रदेश कार्यालय में अनुसूचित जनजाति मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो ने अपना पदभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करने से पहले आदिवासी परंपरा के अनुसार ‘डंडा कट्टना’ अनुष्ठान किया गया। पाहनों ने प्रकृति, ग्राम देवता और सरना माई की पूजा-अर्चना कर सन्नी टोप्पो को पदभार ग्रहण कराया।
कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बाबूलाल मरांडी ने सन्नी टोप्पो को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी और संगठन को मजबूत करने के लिए जनजातीय समाज को साथ लेकर चलने की बात कही।
सन्नी टोप्पो ने केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि वे जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा के साथ आदिवासी समाज की परंपराओं और संस्कृति के संरक्षण के लिए काम करेंगे।
उन्होंने आगामी चुनावों को लेकर संगठन को मजबूत करने और पार्टी के कार्यक्रमों को जनजातीय समाज तक पहुंचाने की बात कही।
कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, समीर उरांव, सुनील सोरेन, गंगोत्री कुजूर और संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




