रांची: राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से बुधवार को लोक भवन (राजभवन) में ऑस्ट्रेलिया के कंसुल जनरल बर्नार्ड लिंच ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान भारत-ऑस्ट्रेलिया के संबंधों और झारखंड के विकास से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा हुई।
बैठक में पर्यटन, झारखंड की समृद्ध संस्कृति, उच्च शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में आपसी सहयोग बढ़ाने पर विचार किया गया। दोनों पक्षों ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बढ़ते सहयोग का लाभ झारखंड को भी मिल सकता है।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने झारखंड की प्राकृतिक और सांस्कृतिक खूबसूरती का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राज्य में पहाड़, झील, झरने, जलाशय, जंगल और समृद्ध जनजातीय संस्कृति है, जो पर्यटकों को आकर्षित करती है।
राज्यपाल ने उम्मीद जताई कि ऑस्ट्रेलिया और झारखंड के बीच शैक्षणिक और सांस्कृतिक आदान-प्रदान बढ़ने से पर्यटन और कौशल विकास को बढ़ावा मिलेगा।




