सीवान: जिले के भगवानपुर हाट स्थित एसएस उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज में मंगलवार को प्राचार्य लालबाबू कुमार के खिलाफ छात्रों ने जमकर धरना-प्रदर्शन और नारेबाजी की। छात्रों ने प्राचार्य पर शराब पीकर छात्र के साथ मारपीट करने, परीक्षा फॉर्म के नाम पर 30 रुपये अधिक वसूलने और इंटरनल परीक्षा का रिजल्ट अटकाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
हंगामे की सूचना मिलते ही महाराजगंज की एसडीओ अनीता सिन्हा विद्यालय पहुंचीं। उन्होंने आक्रोशित छात्रों को समझा-बुझाकर शांत कराया और प्रत्येक कक्षा से पांच-पांच छात्रों को बुलाकर उनकी समस्याएं सुनीं।
निरीक्षण के दौरान स्कूल में कई अव्यवस्थाएं उजागर हुईं। टाइम-टेबल दुरुस्त न होने और अन्य खामियों पर एसडीओ ने प्राचार्य व शिक्षकों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने बीईओ राकेश कुमार को व्यवस्थित रूटीन बनवाने, खराब पड़े सीसीटीवी कैमरे ठीक कराने और सुबह 9:00 से 9:40 बजे तक मुख्य गेट बंद रखने का निर्देश दिया ताकि बाहरी तत्वों का प्रवेश रोका जा सके।
एसडीओ ने बताया कि जांच में कई कमियां पाई गई हैं और मामले में आगे उचित कार्रवाई की जाएगी। उधर, प्राचार्य लालबाबू कुमार ने शराब के आरोपों को खारिज करते हुए सफाई दी कि शौचालय की दीवार पर आपत्तिजनक बातें लिखने के कारण उन्होंने छात्र को एक थप्पड़ मारा था। वहीं छात्रों का कहना है कि कार्रवाई न होने पर वे आंदोलन जारी रखेंगे।



