पटना: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा कार्य और ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प को लेकर बिहार में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर राज्य के कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने मंगलवार को विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
मंत्री ने अधिकारियों और जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर सभी तैयारियां समय पर पूरी करें। उन्होंने कहा कि लोक कला, संगीत और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से सेवा और जनकल्याण के संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाया जाए।
अभियान की मुख्य बातें:
नुक्कड़ नाटक: हर जिले में 18 से 20 नाट्य टोलियां बनाई जाएंगी, जो जनकल्याण और विकास से जुड़े विषयों पर प्रस्तुतियां देंगी।
सेवा ज्योति यात्रा: जिला, प्रखंड और गांव स्तर पर युवाओं व सांस्कृतिक दलों की भागीदारी के साथ यात्रा निकाली जाएगी। समापन पर लाभार्थी संवाद कार्यक्रम होंगे।
स्कूलों में प्रस्तुतियां: विद्यालयों में अभिभावक-शिक्षक बैठकों (PTM) के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे ताकि अभिभावक और बच्चे भी इससे जुड़ें।
डिजिटल प्रचार व किट: युवाओं को जोड़ने के लिए सोशल मीडिया और रील्स का सहारा लिया जाएगा। साथ ही 25 प्रमुख सरकारी योजनाओं की जानकारी और क्यूआर कोड वाली विशेष किट गणमान्य व्यक्तियों को दी जाएगी।
मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने जोर देकर कहा कि इस अभियान को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखा जाए, बल्कि स्थानीय कलाकारों और आम जनता की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाए।



