फॉण्ट कनवर्टर NEW

घर में छिपाकर रखी थीं चोरी की गाड़ियां, पुलिस ने वाहन चोर को दबोचा

Chaibasa news: पश्चिमी सिंहभूम जिले में पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी के एक सक्रिय गिरोह पर बड़ी कार्रवाई करते हुए मुफ्फसिल थाना क्षेत्र से चोरी की चार गाड़ियां बरामद की हैं। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को भी गिरफ्तार किया है,

अपनी भाषा में पढ़ें

Chaibasa news: पश्चिमी सिंहभूम जिले में पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी के एक सक्रिय गिरोह पर बड़ी कार्रवाई करते हुए मुफ्फसिल थाना क्षेत्र से चोरी की चार गाड़ियां बरामद की हैं। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को भी गिरफ्तार किया है, जिसका पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। यह जानकारी रविवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टुटी ने प्रेस वार्ता के दौरान दी।

उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक अमित रेणु को गुप्त सूचना मिली थी कि मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के ग्राम खप्परसाई निवासी राजदीप सिंह महली अपने घर में चोरी की मोटरसाइकिलें छिपाकर रखे हुए है और उन्हें बेचने की फिराक में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम खप्परसाई स्थित आरोपी के घर पर छापेमारी की, जहां विधिवत तलाशी के दौरान घर के बरामदे से तीन मोटरसाइकिल और एक होंडा एक्टिवा स्कूटी बरामद की गई।

मौके से एक युवक को हिरासत में लिया गया, जिसने पूछताछ के दौरान अपना नाम राजदीप सिंह महली उर्फ जिन्दा मर्डर, उम्र 23 वर्ष, पिता राजेन्द्र सिंह महली उर्फ राजकिशोर महली, ग्राम खप्परसाई, थाना मुफ्फसिल, जिला पश्चिमी सिंहभूम बताया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि बरामद सभी चारों दोपहिया वाहन चोरी के हैं। उसने यह भी बताया कि उसने चार से पांच दिन पहले सदर थाना क्षेत्र के बस स्टैंड और मंगला हाट इलाके से इन वाहनों की चोरी की थी।

पुलिस के अनुसार इस मामले में मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 20/26, दिनांक 01 फरवरी 2026, धारा 317(5) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है। आरोपी ने कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि राजदीप सिंह महली पूर्व में भी कई चोरी की घटनाओं में संलिप्त रह चुका है।

उसके आपराधिक इतिहास में मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 136/2021 के तहत धारा 457, 380 एवं 411 भादवि तथा कांड संख्या 91/24 के तहत धारा 380 एवं 411 भादवि दर्ज हैं। इसके अलावा सदर थाना में भी वर्ष 2026 के दौरान उस पर लगातार तीन मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें धारा 303(2) बीएनएस के तहत कांड संख्या 13/26, 15/26 एवं 16/26 शामिल हैं।

पुलिस ने बरामद तीन मोटरसाइकिल और एक होंडा एक्टिवा स्कूटी को जब्त कर लिया है और इनके वास्तविक मालिकों की पहचान के लिए संबंधित थाना क्षेत्रों से संपर्क किया जा रहा है। छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर बहामन टुटी, मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार, पुलिसकर्मी मिथुन कुमार, रामायण सिंह, दिनेश कुमार सहित मुफ्फसिल थाना रिजर्व गार्ड के सशस्त्र बल शामिल थे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram